भ्रष्टाचार, तानाशाही और तालाबंदी की सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता ने दिया स्पष्ट जनादेश : बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
भ्रष्टाचार, तानाशाही और तालाबंदी की सरकार के खिलाफ प्रदेश की जनता ने दिया स्पष्ट जनादेश : बिंदल


नाहन, 17 जून (हि.स.)। आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रचण्ड बहुमत से सत्ता में आएगी और कांग्रेस बुरी तरह हारकर सता से बाहर होने जा रही है।यह बात आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेस में दी।

डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री क्यों पंचायती राज संस्थाओं चुनावों को टाल रहे थे अब परिणाम आने के बाद समझ आ गया। कांग्रेस के शासन को जनता ने पूरी तरह से नकारा है, दुत्कारा है । अब भी सरकार समझ नहीं रही और जिला परिषदों, नगर निकायों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनावों को लटकाती नजर आ रही है।

उन्होंने कहा है सिरमौर में जो कार्य सड़कों पुलों के, बिजली बोर्ड के चले हैं वो सब केंद्रीय सरकार के प्रोजेक्टों के चल रहे हैं। प्रदेश सरकार कोई विकास कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से सिरमौर जिले का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के करीबी नेताओं और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के गृह जिले में भी जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। जिला परिषद की 17 सीटों में से 14 सीटों पर भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता कांग्रेस के कुशासन से तंग आ चुकी है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के भीतर ही भारी अस्थिरता और अंतर्विरोध हैं। मंत्री, विधायक और अधिकारी एक-दूसरे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दे रहे हैं। सरकार के भीतर समन्वय पूरी तरह समाप्त हो चुका है और इसका खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि चार वर्षों के कार्यकाल में सरकार जनकल्याण के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले दावा किया था कि उन्होंने 80 प्रतिशत सीटें जीत ली हैं, लेकिन आज वास्तविकता सामने आ चुकी है। जिला परिषद चुनावों में प्रदेश के 12 में से 11 जिलों में भाजपा स्पष्ट बहुमत और मजबूत स्थिति में है, फिर भी कांग्रेस सरकार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को टालने का प्रयास कर रही है। नगर परिषदों के चुनावों में भी जानबूझकर देरी की गई, जिससे सरकार की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता उजागर हुई है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story