पटलांदर 33/11 केवी सब स्टेशन शुरू, राणा बोले- यह जनता के संघर्ष की जीत
हमीरपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने पटलांदर स्थित 33/11 केवी सब स्टेशन के शुभारंभ को क्षेत्र की जनता के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस सब स्टेशन के शुरू होने से आंसला, पटलांदर सहित आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती से राहत मिलेगी।
पत्रकारों से बातचीत में राणा ने दावा किया कि सब स्टेशन को उनके विधायक कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी और इसके शुरू होने से किया गया वादा पूरा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 जुलाई को प्रस्तावित चक्का जाम आंदोलन के दबाव में सरकार ने इसका उद्घाटन किया। हालांकि उन्होंने कहा कि क्षेत्र में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होने तक जनहित के मुद्दों पर उनकी आवाज जारी रहेगी।
इस दौरान राणा ने सुजानपुर और टौणीदेवी बीडीसी अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव जल्द कराने की भी मांग उठाई। भाजपा मंडल के साथ एसडीएम सुजानपुर को ज्ञापन सौंपने के बाद उन्होंने आरोप लगाया कि जिले के अधिकांश विकास खंडों में चुनाव जानबूझकर टाले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस को जीत की उम्मीद है वहां चुनाव कराए गए, जबकि अन्य स्थानों पर प्रक्रिया लंबित रखी गई है। राणा ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के विपरीत बताते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र चुनाव नहीं कराए गए तो भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ आंदोलन तेज करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

