प्राकृतिक खेती के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, किसानों को मिला प्रयोगात्मक प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक खेती के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न, किसानों को मिला प्रयोगात्मक प्रशिक्षण


मंडी, 11 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण विकास खंड धनोटू द्वारा राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत भलाना के गांव पबराओ तथा ग्राम पंचायत घीड़ी में दो दिवसीय प्राकृतिक खेती प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए। इन प्रशिक्षण शिविरों में किसानों को प्राकृतिक खेती की अवधारणा, विभिन्न घटकों एवं आधुनिक प्राकृतिक तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। दूसरे दिन बीजामृत, घनजीवामृत, जीवामृत, देसी अस्त्र, दरेक अस्त्र तथा ब्रह्मास्त्र तैयार करने का प्रयोगात्मक प्रशिक्षण देकर इनके उपयोग एवं लाभ बताए गए, ताकि किसान इन तकनीकों को अपनाकर रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर सकें।

शिविरों के दौरान किसानों को संतुलित एवं प्राकृतिक पशु आहार तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया तथा तैयार पशु आहार का वितरण किया गया। विकास खंड धनोटू के खंड तकनीकी प्रबंधक लेखराज ने बताया कि आयोजित प्रत्येक प्रशिक्षण शिविर में लगभग 30 से 35 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाकर खेती की लागत कम करने, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं रसायन मुक्त कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने का आह्वान किया। किसानों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए प्राकृतिक खेती की तकनीकों को अपने खेतों में अपनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story