मंडी में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना -फेज-4 के तहत बस रूटों का निर्धारण
मंडी, 01 अगस्त (हि.स.)। राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना फेज-4 के अंतर्गत मंडी जिला के उपमंडल सरकाघाट में बेरोजगार युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से शनिवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस अवसर पर मंडी जिला के गोपालपुर विकास खंड के सभी नवनिर्वाचित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने बैठक में शिरकत की। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर योजना के अंतर्गत संचालित किए जाने वाले संभावित बस रूटों का निर्धारण किया गया। रूट तय करते समय उन दूरदराज एवं ग्रामीण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई, जहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा सीमित अथवा उपलब्ध नहीं है।
एसडीएम राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि बस रूटों का निर्धारण स्थानीय आवश्यकताओं तथा जनप्रतिनिधियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गांव अथवा क्षेत्र प्रारंभिक सूची में शामिल होने से रह जाता है। तो हिमाचल पथ परिवहन निगम के साथ समन्वय स्थापित कर उसे आगामी चरण में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने तथा पात्र बेरोजगार युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया। जिससे अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार से जुड़ सकें और ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी सुदृढ़ हो सके। बैठक में हिमाचल पथ परिवहन निगम सरकाघाट के क्षेत्रीय प्रबंधक राज कुमार, लोक निर्माण विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशासी अभियंता भूपेंद्र पाल, रोजगार कार्यालय सरकाघाट के प्रभारी, विकास खंड कार्यालय गोपालपुर के पंचायत निरीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

