हिमाचल सहित पूरे देश में गिर रहा कांग्रेस का ग्राफ : राजीव बिंदल

हिमाचल सहित पूरे देश में गिर रहा कांग्रेस का ग्राफ : राजीव बिंदल
WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल सहित पूरे देश में गिर रहा कांग्रेस का ग्राफ : राजीव बिंदल


शिमला, 14 मई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डाॅ0 राजीव बिन्दल ने कहा कि पूरे भारत में और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का ग्राफ तेज गति से गिर रहा है। कांग्रेस पार्टी के देशभक्त नेता एक-एक करके कांग्रेस पार्टी को छोड़ते चले गए। मोरार जी देसाई, कामराज, चंद्रशेखर के समय से शुरू हुआ यह क्रम गुलाम नबी आजाद तक पहुंच गया और कांग्रेस पार्टी राजीव गांधी के परिवार की पार्टी बन कर रह गई है। 500 सांसदों वाली पार्टी 50 सांसदों वाली बन गई और चार जून को 50 से भी नीचे चली जाएगी।

राजीव बिन्दल ने मंगलवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के हाल भी ऐसे ही हैं। कांग्रेस के कद्दावर नेता पं0 सुखराम के बेटे अनिल शर्मा, स्व0 संतराम के बेटे सुधीर शर्मा, लता ठाकुर के बेटे रवि ठाकुर, विधान सभा अध्यक्ष रहे गंगुराम मुसाफिर, चार बार के विधायक लखनपाल, राजेन्द्र राणा से चलता हुआ यह क्रम पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट तक पहुंच चुका है और यह क्रम थमने वाला नहीं है।

बिन्दल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का मतदाता इस बात से नाराज है कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश के हिन्दुओं को हराकर सरकार बनाने की बात बार-बार और ठोक बजाकर बोली है। इसका जवाब हिमाचल का मतदाता देने वाला है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पीएम मोदी के गरीब कल्याण, महिला कल्याण, किसान कल्याण व युवा उत्थान के नाम पर वोट मांग रही है जबकि कांग्रेस पाटी जातियों में देश को विभाजित करने के नाम पर वोट मांग रही है। भाजपा मोदी के नाम पर वोट मांग रही है, कांग्रेस मुस्लिम विकास माॅडल के नाम पर वोट मांग रही है।

उन्होने कहा कि भाजपा श्रीराम, कृष्ण की संस्कृति देश की सुरक्षा, धारा 370, तीन तलाक के नाम पर वोट मांग रही है और कांग्रेस मोदी हटाओ के नाम पर वोट मांग रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/उज्ज्वल/सुनील

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story