नाहन में बारिश से एनएच-72 क्षतिग्रस्त, घरों में घुसा पानी
नाहन, 05 अगस्त (हि.स.)।सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में हाल की भारी बारिश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-72 का डंगा और सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से यशवंत विहार क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह करीब साढ़े दस बजे तेज बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में मलबा और गंदा पानी उनके घरों में घुस गया। इससे कई घरों में नुकसान हुआ और लोगों को पूरे दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ा। समस्या के समाधान की मांग को लेकर प्रभावित लोगों ने उपायुक्त सिरमौर को ज्ञापन सौंपा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-72 के नीचे से कौंलावाला भूड़ रोड की ओर जाने वाला नाला पहले से ही संकरा है और कई जगह क्षतिग्रस्त भी है। उनका कहना है कि हाल की मूसलाधार बारिश में राष्ट्रीय राजमार्ग की रिटेनिंग वॉल ढहने के बाद मलबा और बारिश का पानी सीधे रिहायशी इलाके की ओर आ गया। लोगों का कहना है कि इससे उनके घरों में पानी और मलबा भर गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा।
निवासियों ने यह भी बताया कि नाले के बीचों-बीच लगा बिजली का खंभा समस्या को और गंभीर बना रहा है। उनका कहना है कि बारिश के दौरान बहकर आने वाला कचरा और मलबा इस खंभे में फंस जाता है, जिससे पानी का बहाव रुक जाता है और पानी घरों की ओर मुड़ जाता है। लोगों का कहना है कि इस कारण हर तेज बारिश में बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है।
यशवंत विहार के लोगों ने उपायुक्त को दिए ज्ञापन में मांग की है कि क्षतिग्रस्त नाले की जल्द मरम्मत कराई जाए, नाले के बीच से बिजली का खंभा हटाया जाए और कॉलेज की ओर से आने वाले पानी की निकासी के लिए जाली लगाई जाए। स्थानीय निवासियों ने कहा कि मानसून अभी जारी है और यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

