मंडी जिला में लगातार बारिश से जनजीवन, ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही बंद, लगातार हो रहा है भूसख्लन

WhatsApp Channel Join Now
मंडी जिला में लगातार बारिश से जनजीवन, ग्रामीण सड़कों पर आवाजाही बंद, लगातार हो रहा है भूसख्लन


मंडी, 20 मार्च (हि.स.)। मंडी जिला में लगातार बारिश से जनजीवन थम सा गया है। किसी ने नहीं सोचा था कि मार्च महीने के दूसरे पखवाड़े में भी इस तरह से लगातार बारिश होगी, पहाड़ियों पर कई कई फीट बर्फ पड़ जाएगी और लोगों को ठंड से बचने के लिए जनवरी महीने की तरह आग जलानी पड़ेगी। शुक्रवार को पूरा दिन बारिश होती रही। कुछ पलों के लिए भी बारिश नहीं थमी। मंडी जिले की ग्रामीण सड़कों पर बारिश के चलते जगह जगह हो रहे भूसख्लन ने आवाजाही रोक दी।

शिकारी देवी के पुजारी सुरेश कुमार के अनुसार वहां पर बहुत अधिक बर्फबारी हो चुकी है ऐसे में श्रद्धालु फिलहाल शिकारी देवी की ओर न आएं क्योंकि फंस सकते हैं। इसी तरह से पराशर, कमरूनाग की पहाड़ियों पर भी खूब बर्फबारी गिरी। यूं तो यह बारिश हर तरीके से खुशहाली की प्रतीक है, फसलों के लिए, जमीन में पानी के संचन के लिए और धूल मिट्टी से बचाव के लिए और पेयजल स्त्रोतों व नदी नालों में जल स्तर के लिए बहुत ही लाभकारी है मगर लोग शायद इस तरह के मौसम के लिए तैयार नहीं थे ऐसे में इसका व्यापक असर काम काज व जनजीवन पर पड़ा है।

इधर,

लोक निर्माण विभाग मंडल पधर के अंतर्गत घटासनी बरोट सड़क मार्ग गुरहाला के पास भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण यह मार्ग बेहद जोखिमपूर्ण बन गया है, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन आवाजाही पर रोक लगा दी है।

एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि मार्ग को केवल मौसम साफ होने की स्थिति में ही खोला जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस मार्ग से गुजरने का जोखिम न लें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।

वहीं सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग भगत राम यादव ने कहा कि पहाड़ी से लगातार मलबा नीचे आ रहा है, जिससे राहत एवं बहाली कार्य केवल मौसम साफ होने पर ही संभव हो पाएंगे।

उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन लगाकर मार्ग को बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण राहत कार्य सिरे नहीं चढ़ पाया।

बता दें कि बरसात में भी इस स्थान पर पहले भी मार्ग करीब दो सप्ताह से अधिक समय तक बाधित रह चुका है, जिससे इसकी संवेदनशीलता का अंदाजा लगाया जा सकता है। लगातार बारिश के चलते क्षेत्र में खेती-बाड़ी के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

मंडी शहर में बारिश के दौरान छाते लेकर गुजरते हुए लोग।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story