गिरी बस्ती में बारिश का कहर, जिला परिषद सदस्य रोहित चौधरी ने लिया नुकसान का जायजा

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 18 जुलाई (हि.स.)। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के राजबन की गिरी बस्ती में लगातार हो रही भारी बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित पुलिया के अवरुद्ध होने से पानी का बहाव गांव की ओर मुड़ गया, जिससे कई घरों में पानी घुस गया और कृषि भूमि के साथ-साथ फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य रोहित चौधरी ने स्थानीय प्रधान सुन्दर सिंह, वार्ड सदस्य रणजीत सिंह तथा ग्रामीणों के साथ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर हालात का निरीक्षण किया।

रोहित चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के चलते ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत प्रदान की जाए, नुकसान का शीघ्र आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए तथा अवरुद्ध पुलिया को जल्द बहाल किया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो, इसके लिए स्थायी समाधान भी सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के बाद प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया गया। रोहित चौधरी ने विश्वास जताया कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा और नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कदम जल्द उठाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story