मंडी में झमाझम बारिश, सूखा हुआ खत्म, मार्च महीने में बर्फबारी ने किया निहाल, फसलों को मिली संजीवनी

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में झमाझम बारिश, सूखा हुआ खत्म, मार्च महीने में बर्फबारी ने किया निहाल, फसलों को मिली संजीवनी


मंडी, 16 मार्च (हि.स.)। लगातार दूसरे दिन भी सोमवार को मंडी जिले में झमाझम बारिश से पिछले डेढ़ महीने से चला आ रहा सूखा खत्म हो गया। सोमवार को पूरा दिन आसमान गर्जता रहा, दोपहर के वक्त तो आसमान में अंधेरा ही छा गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश घंटों तक झमाझम रूप में चलती रही। पिछले कुछ दिनों से गर्मी का अहसास पाकर हल्के कपड़े पहन कर रोजमर्रा के कामों पर निकले लोग बारिश व हवा से आई ठंड से कांप उठे। पूरे वातावरण में ठंडक हो जाने से लोगों को मजबूरन फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।

अधिकांश लोग जिन्हें मजबूरी में कहीं बाहर नहीं जाना था वह घरों में ही दुबके रहे। मार्च महीने का दूसरा पखवाड़ा सोमवार से शुरू हो गया मगर बर्फबारी ने फिर से पहाड़ों पर दस्तक देकर चांदी बिखेर दी। मार्च महीने में इतनी बर्फ कभी कभार ही पड़ती है मगर इस बार जमकर बर्फबारी इस बारिश के चलते हुई है। जिले की शिकारी घाटी, पराशर, चौहार घाटी, कमरूघाटी समेत सभी उपरी इलाकों में बर्फबारी हुई है। यह बर्फबारी व बारिश फसलों के लिए संजीवनी मानी जा रही है।

कृषि विशेषज्ञ पधर डॉ दुनी चंद का कहना है कि लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश गंदम की फसल के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी। इस समय गंदम की फसल को नमी की सख्त जरूरत है जो बारिश ने पूरी कर दी। इससे दाने की भराई और पौधों की बढ़वार अच्छी होने की पूरी उम्मीद बन गई है। सब्जियों व नकदी फसलों के लिए भी यह बारिश बहुत अच्छी मानी जा रही है। सेब व अन्य फलों के लिए भी इस बारिश ने सोने पर सुहागे जैसा काम किया है। सेब के बागीचों में सूखे के कारण रूके काम फिर से शुरू हो सकेंगे।

आसमानी बिजली के चमकने व आसमान के गरजने के साथ हुई तेज बारिश के बाद कुछ देर के लिए खुले मौसम से आसमान में कई इंद्रधनुष नजर आए जो लोगों के लिए एक आकर्षण का केंद्र बने रहे। इसी बीच इस बारिश ने कच्ची व निर्माणाधीन सड़कों पर भी प्रभाव डाला है। निर्माणाधीन मंडी पठानकोट मार्ग पर कीचड़ भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इस मार्ग पर बार बार जाम के हालात बने रहे। जिले के अन्य मार्गों पर भी यातायात प्रभावित हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story