चिट्टे के खिलाफ़ महिलाओं की हुंकार, महिला दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मपुर में पदयात्रा

WhatsApp Channel Join Now
चिट्टे के खिलाफ़ महिलाओं की हुंकार, महिला दिवस की पूर्व संध्या पर धर्मपुर में पदयात्रा


मंडी, 07 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर नशा मुक्ति अभियान समिति धर्मपुर व हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के आह्वान पर धर्मपुर में महिलाओं ने चिट्टे के ख़िलाफ़ पदयात्रा निकाली। जिसका नेतृत्व स बिमला हिंदुस्तानी, सुनीता बिष्ट, कंचना देवी, शोमा देवी, भूपेंद्र सिंह और ऋत्विक ठाकुर ने किया। इस पैदल मार्च में महिला मंडलों,आंगनवाड़ी वर्करों, आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं के अलावा साक्षरता और ज्ञान विज्ञान से जुड़े सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

पैदल मार्च बस स्टैंड से शुरू हुआ और बाई पास होता हुआ गांधीनगर व धर्मपुर मुख्य बाज़ार होता हुआ एसडीएम कार्यालय के बाहर समाप्त हुआ। जहां पर समिति पदाधिकारियों ने नशे की रोकथाम के लिए महिलाओं को एकजुट होकर अभियान चलाने का आह्वान किया गया। समिति की सचिव सुनीता बिष्ट ने कहा कि आठ मार्च को महिला दिवस के मौके पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति मदर अगेंस्ट एडिक्शन- मां नाम से प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। जिसका मुख्य उद्देश्य माताओं को अपने बच्चों को नशे से बचाने के लिए जागरूक व संगठित करना होगा।

समिति ने युवाओं के लिए व्हाईट ट्रूथ नाम से पहले ही बेबसीरीज़ शुरू की है और प्रदेश में बने चार दर्ज़न संस्थाओं के सयुंक्त मंच के माध्य्म से भी नशे के ख़िलाफ़ अभियान चलाया है।

डॉ वीना राठौर ने कहा कि धर्मपुर खंड में साक्षरता और ज्ञान विज्ञान समिति की पहल पर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मेराथन दौड़े, शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कैम्प आयोजित किए हैं और पिछले दो महीने में पंचायत व गांव स्तर पर महिलाओं के दर्ज़नो कैम्प आयोजित किए गए हैं और आने वाले समय में भी किये जायेंगे।

समिति के संस्थापक सदस्य भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए जनअभियान चलाने की आवश्यकता है और उस दिशा में धर्मपुर में अन्य जगहों की तुलना में बेहतर तरीके से अभियान चलाया जा रहा है जिसमें बहुत से बुद्धिजीवी,पूर्व सैनिक, महिला मंडल और स्वयं सहायता समूह एकजूट हो रहे हैं जिससे ये विश्वास पैदा हो रहा है कि हम जल्दी ही धर्मपुर को चिट्टा मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल कर लेंगे।रैली के बाद एसडीएम के माध्य्म से मुख्यमंत्री को दस सूत्रीय मांगपत्र भी भेजा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story