राहुल गांधी वीरवार को आ रहे कांगड़ा, डीसीसी सम्मलेन को करेंगे संबोधित

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी वीरवार को आ रहे कांगड़ा, डीसीसी सम्मलेन को करेंगे संबोधित


राहुल गांधी वीरवार को आ रहे कांगड़ा, डीसीसी सम्मलेन को करेंगे संबोधित


धर्मशाला, 29 अप्रैल (हि.स.)।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी वीरवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा दौरे पर रहेंगे। राहुल गांधी यहां चल रहे 10 दिवसीय 'संगठन सृजन अभियान' के समापन सत्र में शामिल होंगे। इस दौरान राहुल गांधी हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला कांग्रेस कमेटियों (डीसीसी) के अध्यक्षों को संबोधित करेंगे।

राहुल गांधी सुबह विशेष विमान से दिल्ली से कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे यात्री सदन'l स्थित प्रशिक्षण शिविर स्थल के लिए रवाना होंगे। इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता बढ़ाना और जमीनी स्तर पर संगठन की पहुंच का विस्तार करना है। राहुल गांधी जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने के टिप्स देंगे।

उधर राजनीतिक विश्लेषक राहुल गांधी के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी और संगठन को मजबूत करने के प्रयास के तौर पर देख रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर के दौरान राहुल गांधी हिमाचल में होने वाले पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों पर भी चर्चा करेंगे। वे प्रदेश नेतृत्व से इन चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत रिपोर्ट लेंगे।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने राहुल गांधी के आगमन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि 30 अप्रैल को संगठन सृजन अभियान के समापन पर राहुल गांधी की उपस्थिति से जिलाध्यक्षों सहित पूरे संगठन को मजबूती और नई ऊर्जा मिलेगी। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्षों को सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

राहुल के दौरे को लेकर सुरक्षा कड़ी

कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल शाम के दौरे को लेकर कांगड़ा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक राहुल करीब 3:30 बजे कांगड़ा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए वापस उड़ान भरेंगे। उनके दौरे के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। कांगड़ा एयरपोर्ट से लेकर यात्री सदन तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और रूट प्लान तैयार किया।

मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी कांगड़ा पंहुचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित अन्य पार्टी नेताओं के साथ यात्री सदन का दौरा किया और जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री पिछले दो दिनों से कांगड़ा में ही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story