राहुल गांधी कांगड़ा पहुंचे, कांग्रेस जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर को करेंगे संबोधित
शिमला, 30 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी एक दिवसीय प्रवास पर गुरूवार सुबह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचे। वह यहां आयोजित जिला कांग्रेस कमेटियों के विशेष प्रशिक्षण शिविर में शिरकत कर रहे हैं। यह शिविर तीन राज्यों के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित किया गया है, जिसमें संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा हो रही है।
राहुल गांधी सुबह दिल्ली से विशेष विमान के जरिए कांगड़ा पहुंचे और सीधे यात्री निवास पहुंचे, जहां यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद हैं। कार्यक्रम में जिला स्तर पर पार्टी संगठन को सक्रिय बनाने और जनता तक नीतियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं के मुताबिक इस प्रशिक्षण शिविर में तीन राज्यों के जिला अध्यक्ष शामिल हो रहे हैं। राहुल गांधी उन्हें जमीनी स्तर पर काम करने और संगठन को मजबूत करने के तरीकों पर मार्गदर्शन दे रहे हैं। इस दौरे को आगामी चुनावों और संभावित संगठनात्मक बदलावों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली और धर्मशाला पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हैं और एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक निगरानी रखी जा रही है।
दिनभर के कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी दोपहर करीब 2:20 बजे यात्री निवास से रवाना होंगे। इसके बाद वह कांगड़ा एयरपोर्ट से दोपहर 3:15 बजे उड़ान भरकर शाम करीब 4:35 बजे दिल्ली लौट जाएंगे। कांग्रेस नेताओं का मानना है कि जिला अध्यक्षों के साथ यह संवाद संगठन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

