विधानसभा क्षेत्र में पहाड़ी क्षेत्र के लिए सृजित होगा लोक निर्माण विभाग का पृथक उपमण्डल

WhatsApp Channel Join Now
विधानसभा क्षेत्र में पहाड़ी क्षेत्र के लिए सृजित होगा लोक निर्माण विभाग का पृथक उपमण्डल


सोलन, 07 अप्रैल (हि.स.)। लोक निर्माण तथा शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सड़कें विकास की जीवन रेखाएं हैं और ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास के लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार सड़कों का नेटवर्क बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।विक्रमादित्य सिंह मंगलवार को सोलन ज़िला के दून विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुठाड़ में इंडोर स्टेडियम की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य के लिए प्रथम किश्त के रूप में 69 लाख रुपए की प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्राकलन के अनुसार शेष राशि उपलब्ध करवा दी जाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों का अहम योगदान रहता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोग भविष्य में क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च अधिमान देते हुए सही पंचायत प्रतिनिधि चुनें ताकि विकास की गति को आगे बढ़ाने में कोई बाधा न आए।

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत करने में सड़कों का अहम योगदान होता है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रदेश सरकार का यह प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क नेटवर्क पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चौथे चरण के पहले फेज में 2300 करोड़ रुपए की लागत की 1500 किलोमीटर सड़कें स्वीकृत की गई हैं।

उन्होंने कहा कि चौथे चरण के दूसरे फेज में हिमाचल के लिए 1100 किलोमीटर सड़क निर्माण का प्रस्ताव केन्द्र सरकार को प्रेषित किया गया हैं।लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि भविष्य में दून विधानसभा क्षेत्र में पहाड़ी क्षेत्र के लिए लोक निर्माण विभाग का पृथक उपमण्डल सृजित किया जाएगा ताकि विकास कार्यों को समयबद्ध क्रियान्वित किया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Share this story