विक्रमादित्य सिंह ने मनोहर लाल खट्टर से नए शहरों के विकास और शहरी परियोजनाओं के लिए मांगा सहयोग

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमादित्य सिंह ने मनोहर लाल खट्टर से नए शहरों के विकास और शहरी परियोजनाओं के लिए मांगा सहयोग


शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश की विभिन्न शहरी विकास परियोजनाओं और आधारभूत ढांचे के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने राज्य के शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने के उद्देश्य से नए शहरों के विकास के लिए वित्तीय सहायता, तकनीकी सहयोग तथा नियोजन संबंधी रूपरेखा उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उन्होंने चंडीगढ़ की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश के चंडीगढ़ और पंचकूला की सीमा से सटे क्षेत्र में प्रस्तावित नए शहर के लिए साझा आधारभूत ढांचे के विकास की आवश्यकता पर भी बल दिया।

इस पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य सरकार से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) प्रस्तुत करने को कहा और आश्वासन दिया कि प्रस्ताव पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार किया जाएगा।

विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्तुत की गई हैं। उन्होंने इन परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने अमृत योजना के तहत लंबित 64.45 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी करने का अनुरोध किया, ताकि प्रदेश में चल रही शहरी विकास परियोजनाओं का कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत यूज्ड वाटर मैनेजमेंट कंपोनेंट का मुद्दा भी उठाते हुए कहा कि प्रदेश के 76 शहरी स्थानीय निकायों में से केवल 31 को ही इस योजना में शामिल किया गया है। उन्होंने शेष शहरी निकायों के लिए प्रस्तुत अतिरिक्त परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान कर आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री ने नगर परिषद नादौन, मनाली, डलहौजी और रामपुर में प्रस्तावित स्ट्रीट फूड हब की अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट पर शीघ्र कार्रवाई करने का भी अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राज्य सरकार को शहरी विकास संबंधी योजनाओं में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने विक्रमादित्य सिंह के शिमला और धर्मशाला दौरे के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए निकट भविष्य में दोनों शहरों का दौरा करने की सहमति भी जताई

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story