प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन 29वें दिन भी जारी, पांच सितंबर तक मांगें पूरी होने का इंतजार
शिमला, 23 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन रविवार को 29वें दिन भी जारी रहा। शिक्षकों ने स्कूल शिक्षा निदेशालय, शिमला में अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा। रविवार को जिला कांगड़ा के राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक कोटला के पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन में हिस्सा लिया और सरकार से शिक्षकों की न्यायोचित मांगें जल्द पूरी करने की अपील की।
संघ के अनुसार प्रदेशभर के शिक्षक इस आंदोलन में पूरी निष्ठा के साथ भाग ले रहे हैं। कांगड़ा जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, ब्लॉक कोटला के अध्यक्ष संग्राम सिंह, महासचिव नरताज सिंह, हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता सुरेंद्र गुलेरिया और कांगड़ा जिला प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रवक्ता जगदेव जसरोटिया ने अनशन में भाग लिया।
ब्लॉक कोटला के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि शिक्षकों की सभी न्यायपूर्ण मांगों को जल्द पूरा किया जाए। संघ का कहना है कि आंदोलन गांधीवादी तरीके से चलाया जा रहा है और शिक्षक किसी तरह का टकराव नहीं चाहते।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अनुसार इस आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई को हुई थी। उस दिन शिक्षकों ने पैदल न्याय यात्रा शुरू की थी, जो शिमला पहुंची। इसके बाद 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में शिक्षकों ने बड़ा धरना दिया। इसी धरने के बाद स्कूल शिक्षा निदेशालय में क्रमिक अनशन शुरू किया गया, जो अब 29वें दिन में पहुंच गया है।
संघ ने कहा कि 26 जुलाई को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू धरना स्थल पर पहुंचे थे। संघ के अनुसार मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को भरोसा दिया था कि उनकी न्यू कॉम्प्लेक्स प्रणाली से जुड़ी अधिसूचना वापस ली जाएगी और अन्य मांगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। संघ का कहना है कि इन मांगों को पांच सितंबर तक पूरा करने का भरोसा दिया गया था।
शिक्षक संघ का कहना है कि उसे मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा है और वह पांच सितंबर तक सरकार के फैसले का इंतजार करेगा। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक मांगों पर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और इसके अलग-अलग स्वरूप देखने को मिल सकते हैं।
संघ ने कहा कि जब तक प्राथमिक शिक्षकों की न्यायोचित मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। रविवार को भी अनशन स्थल पर शिक्षकों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को दोहराया और सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

