राम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन


मंडी, 27 जुलाई (हि.स.)। देश प्रदेश में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की कड़ी में सोमवार को मंडी जिला के द्रंग ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पधर में विरोध में धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की गई। कार्यकर्ता सामुदायिक भवन पधर से जुलूस के रूप में बाजार से होते हुए शिव मंदिर पहुंचे, जहां भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया तथा श्रद्धालुओं के लिए खीर का भंडारा भी लगाया गया।

इससे पहले सामुदायिक भवन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनहित की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश आज बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।

कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर देशभर से करोड़ों लोगों ने श्रद्धा और आस्था के साथ चंदा दिया था। अब उस चंदे को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने के बजाय केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व मौन साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस विषय पर पूरी पारदर्शिता बरती जानी चाहिए और यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने नीट परीक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का विश्वास तोड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, जबकि सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story