मंडी में राष्ट्रीय गान के अपमान को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में राष्ट्रीय गान के अपमान को लेकर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, भाजपा पर साधा निशाना


मंडी, 22 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से भाजपा पर राष्ट्रीय गान के अपमान का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया गया। इससे पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर की अध्यक्षता में गांधी भवन मंडी में बैठक आयोजित की गई। जिसमें राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर विधानसभा में राष्ट्रीय गान के अपमान का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने कहा कि भाजपा और आरएसएस ने सदैव राष्ट्रीय ध्वज, राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का अपमान किया है। कांग्रेस पार्टी अपने राष्ट्रीय नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा प्रदेश नेतृत्व के साथ भाजपा की कथित राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारतीय संविधान में विश्वास रखने वाली पार्टी है। जो सभी जातियों, समुदायों और वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संघर्ष में कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता चट्टान की तरह खड़ा है।

उन्होंने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई से लेकर आजाद भारत के सर्वांगीण विकास में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और पार्टी आज भी देश के प्रत्येक वर्ग की समस्याओं को मजबूती से उठा रही है।

कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, चंदे में कथित अनियमितताओं, वोट चोरी और नोटबंदी जैसे मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन नीतियों और फैसलों से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story