हमीरपुर में कुछ महीनों में ही पूर्ण की 648 जमाबंदी की प्रक्रिया : अभिषेक गर्ग

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। राजस्व रिकॉर्ड को अपडेट एवं ऑनलाइन करने तथा आम लोगों के राजस्व संबंधी कार्यों को तत्परता के साथ पूर्ण करने के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के निर्देशों का हमीरपुर जिला में काफी अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं।

बीते दिन राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक के दौरान राजस्व मामलों की समीक्षा करते हुए एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि जिला में कुछ महीनों के दौरान ही लगभग 648 जमाबंदियों की प्रक्रिया पूर्ण की गई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 तक की 568 और 2025-26 की भी 77 जमाबंदियां तैयार कर ली गई हैं। अब वर्ष 2024-25 की सिर्फ 53 जमाबंदियां ही शेष हैं। यानि वर्ष 2024-25 तक का अधिकांश राजस्व रिकॉर्ड अपडेट कर दिया गया है और यह आम लोगों को ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिया गया है। शेष कार्य को भी दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एडीसी ने बताया कि जिला के सभी राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व संबंधी मामलों को प्राथमिकता एवं तत्परता के साथ निपटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आम लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। सभी प्रक्रियाओं को अपडेट एवं ऑनलाइन किया गया है, जिससे आम लोगों को राजस्व विभाग के कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आम लोगों को उनकी जमीन का रिकॉर्ड तुरंत ऑनलाइन उपलब्ध होने से विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का वर्कलोड भी कम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story