राष्ट्रपति के शिमला दौरे से पहले 2 मई तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा राष्ट्रपति निवास मशोबरा

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 21 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पास स्थित राष्ट्रपति निवास, मशोबरा को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे के मद्देनज़र 2 मई तक आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और अन्य तैयारियों के कारण पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी।

प्रशासन ने बताया कि इस अवधि में राष्ट्रपति निवास में गाइडेड टूर सहित सभी सार्वजनिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी और किसी भी आगंतुक को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। लोगों से अपील की गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं। यह भी कहा गया है कि 3 मई से राष्ट्रपति निवास फिर से आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। इस असुविधा के लिए प्रबंधन ने खेद जताया है।

बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 अप्रैल से 2 मई तक हिमाचल प्रदेश के दौरे पर रहेंगी। जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार उनका मुख्य प्रवास शिमला स्थित राष्ट्रपति निवास मशोबरा में रहेगा। इस दौरान वे शिमला, अटल टनल और पालमपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

कार्यक्रम के मुताबिक राष्ट्रपति 27 अप्रैल को दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए मशोबरा पहुंचकर राष्ट्रपति निवास में ठहरेंगी। 28 अप्रैल को उनके कुछ उद्घाटन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं और दिन का अधिकांश समय विश्राम और बैठकों के लिए निर्धारित है।

29 अप्रैल को राष्ट्रपति अटल टनल का दौरा करेंगी, जहां उन्हें सीमा सड़क संगठन के अधिकारी टनल से जुड़ी जानकारी देंगे। इसके बाद वे साउथ पोर्टल का भी निरीक्षण करेंगी और उसी दिन वापस मशोबरा लौटेंगी।

30 अप्रैल को राष्ट्रपति हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर के 17वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे शिमला में आर्मी ट्रेनिंग कमांड का भी दौरा करेंगी। 1 मई को राष्ट्रपति निवास में ‘एट होम’ कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें आमंत्रित अतिथियों से मुलाकात की जाएगी।

दौरे के अंतिम दिन 2 मई को राष्ट्रपति चंडीगढ़ के रास्ते दिल्ली वापस लौट जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story