नाहन में महिला दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे 190 करोड़ की विकास योजनाओं का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में महिला दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे 190 करोड़ की विकास योजनाओं का शुभारंभ


नाहन, 07 मार्च (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 8 मार्च का दिन नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास की दृष्टि से एक ऐतिहासिक दिन बनने जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू नाहन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं और क्षेत्र में लगभग 190 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। विधायक अजय सोलंकी ने नाहन चौगान में प्रशासन के साथ तैयारिओं का जायजा लिया और प्रबंधों की समीक्षा भी की।

अजय सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत करीब 36 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन तथा लगभग 152 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन विकास कार्यों में लोक निर्माण विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा विद्युत विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं।

वहीं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं उन्नयन के विभिन्न कार्य, नाहन जिला अस्पताल में चीफ मेडिकल ऑफिसर कार्यालय भवन, तथा नाहन और पांवटा साहिब में स्मार्ट ग्रिड तकनीक के माध्यम से 24×7 विश्वसनीय बिजली आपूर्ति की योजनाएं शामिल हैं।

विधायक अजय सोलंकी ने इसके लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू तथा प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार विकास और व्यवस्था परिवर्तन की सोच के साथ कार्य कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप नाहन विधानसभा क्षेत्र को भी लगातार बड़े विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story