प्राकृतिक खेती मिशन: मंडी जिला में 2500 किसानों की 1000 हेक्टेयर भूमि पर होगी प्राकृतिक खेती

WhatsApp Channel Join Now
प्राकृतिक खेती मिशन: मंडी जिला में 2500 किसानों की 1000 हेक्टेयर भूमि पर होगी प्राकृतिक खेती


मंडी, 25 जून (हि.स.)। प्राकृतिक खेती मिशन के तहत मंडी जिला में 20 क्लस्टर बनाए जाएंगे और लगभग 2500 किसानों की 1000 हेक्टेयर भूमि को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाएगा। जिला स्तरीय निगरानी समिति द्वारा प्राकृतिक खेती मिशन 2026-27 की कार्य योजना को पारित किया गया। इस मिशन के तहत इस वर्ष जिला समिति की बैठक में बताया गया कि वर्ष 2025-26 में मंडी जिला में 50 क्लस्टर के माध्यम से 8214 किसानों के 2500 हैक्टेयर क्षेत्र प्राकृतिक खेती से जोड़ा गया था।

उन्होंने बताया कि किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए लगभग 3.50 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इन क्लस्टरों में 13 जैव आदान संसाधन केंद्र भी खोले जाएंगे, जहां से किसान प्राकृतिक खेती में प्रयोग होने वाले घटक ले सकते हैं। इन क्लस्टरों के तहत आने वाले किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ने के लिए वृहद स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने आत्मा परियोजना के अधिकारियों को अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा ताकि लोगों को यूरिया मुक्त खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा हाल ही में डिपुओं के माध्यम से प्राकृतिक खेती विधि से उगाई गई मक्की के आटे की लॉन्चिंग की गई थी। उन्होंने जिला व जिले से बाहर दूसरे राज्यों के शहरी क्षेत्रों में भी इस तरह के उत्पादों को बेचने या ऑनलाइन बिक्री की संभावनाएं तलाशने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में प्राकृतिक विधि से उगाए गए उत्पादों की अधिक मांग रहती है। बैठक में कृषि विभाग के आत्मा परियोजना निदेशक डॉ. राकेश पटियाल, जिला ग्रामीण विकास अधिकारी गोपी चंद पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story