पति व पत्नी दोनों हारे प्रधान-उपप्रधान का चुनाव, पहले दोनों ही रह चुके हैं प्रधान

WhatsApp Channel Join Now
पति व पत्नी दोनों हारे प्रधान-उपप्रधान का चुनाव, पहले दोनों ही रह चुके हैं प्रधान


पति व पत्नी दोनों हारे प्रधान-उपप्रधान का चुनाव, पहले दोनों ही रह चुके हैं प्रधान


मंडी, 27 मई (हि.स.)। मंडी जिले की 197 पंचायतों में मंगलवार को हुए चुनावों में कई रोचक परिणाम आने लगे हैं। द्रंग विकास खंड की बह पंचायत में प्रधान पद का चुनाव लड़ रही गीता देवी व उपप्रधान पद का चुनाव लड़ रहे पीर सहाय ठाकुर बुरी तरह से चुनाव हार गए। दोनों कांग्रेस समर्थक व दिग्गज कांग्रेस नेता ठाकुर कौल सिंह के खासमखास माने जाते हैं। पीर सहाय ठाकुर जो रिटायर वन अधिकारी हैं निवर्तमान प्रधान रहे हैं तथा उनका दावा था कि जितना काम उन्होंने बह पंचायत में करवाया उतना इससे पहले कभी नहीं हुआ। जब यह पद महिला के लिए आरक्षित हो गया तो उन्होंने अपनी पत्नी गीता देवी जो पहले भी इस पंचायत की प्रधान रह चुकी है को प्रधान पद के लिए उतार दिया और खुद उपप्रधान पद के लिए खड़े हो गए।

प्रधान पद के लिए हुए आमने सामने के मुकाबले में कुल 726 वैद्ध मत पड़े जिसमें प्रधान चुनी गई लता देवी को 549 तथा गीता देवी को महज 177 मतों से संतोष करना पड़ा। उपप्रधान पद के लिए पीर सहाय ठाकुर को 214 वोट मिले जबकि चिंत राम को 515 वोट मिले। इस तरह पति को 301 मतों जबकि पत्नी गीता देवी को 372 वोटों के अंतर से हार मिली। जीतने वाले प्रधान व उपप्रधान दोनों ही भाजपा के समर्थक माने जाते हैं। ऐसे में पूरे द्रंग विधानसभा क्षेत्र में सबसे चर्चित रही बह पंचायत के इस चुनाव परिणाम में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। जिले से लगातार रोचक परिणाम पंचायतों के आ रहे हैं। अगला चरण 28 मई तथा अंतिम 30 मई को होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story