पांवटा साहिब बस विवाद: निजी ऑपरेटरों की चेतावनी, 20 अप्रैल से हड़ताल का ऐलान

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 16 अप्रैल (हि.स.)। पांवटा साहिब में शिलाई–शिमला रूट को लेकर चल रहे बस विवाद पर निजी बस संचालकों ने वीरवार को प्रेस वार्ता कर कड़ा रुख अपनाया है। निजी ऑपरेटरों ने साफ कहा कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वे 20 अप्रैल से हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रेस वार्ता के दौरान निजी बस ऑपरेटरों ने दावा किया कि विवाद से जुड़ी फाइल पूरी तरह गलत है। उनका कहना था कि जब दोनों पक्षों के बीच पहले ही समझौता हो चुका था, तो दोबारा विवाद खड़ा करने का कोई औचित्य नहीं है।

निजी बस ऑपरेटर संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हिमाचल सडक परिवहन निगम (एचआरटीसी) के चालक और परिचालक नियमों का सही तरीके से पालन नहीं करते। उन्होंने कहा कि कई बार जल्दबाजी में टाइम टेबल को नजरअंदाज किया जाता है, जिससे विवाद की स्थिति बनती है। ऑपरेटरों ने बताया कि आरटीओ सोना चौहान की अध्यक्षता में एचआरटीसी और निजी बस संचालकों के बीच बैठक हो चुकी थी, जिसमें टाइम टेबल तय कर दिया गया था। इसके बावजूद एचआरटीसी बसों द्वारा तय समय से पहले बसें चलाई जा रही हैं। उनका कहना है कि जहां बस का समय 3:17 बजे है, वहां 2:46 बजे ही बस चलाई जा रही है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है।

निजी ऑपरेटरों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय सारिणी का पालन नहीं किया गया तो वे चुप नहीं बैठेंगे और लगातार विरोध करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि दर्ज एफआईआर को रद्द नहीं किया गया और एचआरटीसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो 20 अप्रैल से सभी निजी बस ऑपरेटर धरने पर बैठ जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story