राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ग्रसित सुक्खू सरकार, झूठे मुकदमों से भटका रही है ध्यान: त्रिलोक जम्वाल

WhatsApp Channel Join Now
राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से ग्रसित सुक्खू सरकार, झूठे मुकदमों से भटका रही है ध्यान: त्रिलोक जम्वाल


मंडी, 02 अगस्त (हि.स.)। भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता एवं बिलासपुर सदर के विधायक त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि प्रदेश सरकार अपनी विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक प्रतिशोध और झूठे मुकदमों का सहारा ले रही है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर नहीं कराए गए। जिन चुनावों का आयोजन पिछले वर्ष ही हो जाना चाहिए था, उन्हें जानबूझकर टालने का प्रयास किया गया। अंततः उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद सरकार को चुनाव कराने पड़े। इसके लिए भाजपा सर्वोच्च न्यायालय का आभार व्यक्त करती है, जिसके आदेश के बाद लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी हो सकी।

त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि इन चुनावों में प्रदेशभर में भाजपा को जनता का भरपूर समर्थन मिला। नगर निगमों, नगर निकायों, जिला परिषदों, बीडीसी तथा पंचायत स्तर पर भाजपा के प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अधिकांश स्थानों पर भाजपा को भारी जनादेश मिला, जिससे स्पष्ट है कि जनता कांग्रेस सरकार की नीतियों से पूरी तरह निराश है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस सरकार ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरुद्ध झूठे मुकदमे दर्ज कर राजनीतिक दबाव बनाने का अभियान शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल जैसे वरिष्ठ नेता, जो कई बार विधायक, मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं, उनके खिलाफ छोटे से लोकतांत्रिक प्रदर्शन के बाद हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज करना सरकार की बदले की राजनीति का प्रमाण है।

पूर्व मंत्री चौधरी सुखराम, विधायक होशियार सिंह, अब विधायक सुधीर शर्मा को झूठे केस मे फंसाकर प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है l विधायक आशीष शर्मा के परिवार तथा भाजपा में शामिल होने वाले अन्य नेताओं के परिजनों को भी निशाना बनाया जा रहा है। पूर्व विद्यायक रवी ठाकुर के घर का रास्ता तक रोककर उन्हे भी प्रताड़ित करने का काम किया है l

उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता इस प्रकार की कार्रवाई से डरने वाला नहीं है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा की सरकार बनने पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से दर्ज किए गए सभी झूठे मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story