हिमाचल में विकास की गति थमी, केंद्र की नीतियों पर भरोसा जता रही जनता : सिकंदर कुमार

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में विकास की गति थमी, केंद्र की नीतियों पर भरोसा जता रही जनता : सिकंदर कुमार


शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। शिमला जिले में संगठनात्मक गतिविधियों के बीच पंचायत चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में संगठनात्मक जिला महासू और जुब्बल-कोटखाई मंडल के पदाधिकारियों के साथ शनिवार को हुई बैठक में प्रदेश भाजपा महासचिव व सांसद सिकंदर कुमार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर जोर दिया और प्रदेश की मौजूदा कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास को नई दिशा दी है। उनके मुताबिक उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में लोगों को सीधा लाभ मिला है और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि बुनियादी ढांचे और सामरिक विकास के क्षेत्र में केंद्र की ओर से दिए गए प्रोजेक्ट राज्य के लिए अहम साबित हो रहे हैं।

वहीं, प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले किए गए वादे अब ‘गारंटी’ के नाम पर अधूरे नजर आ रहे हैं। उनका आरोप था कि राज्य में विकास कार्य धीमे पड़ गए हैं और प्रशासनिक स्तर पर कई तरह की कमियां देखने को मिल रही हैं, जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने रोजगार और बागवानी जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और कहा कि इन क्षेत्रों में अपेक्षित काम नहीं हो पाया है।

बैठक में पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे घर-घर जाकर लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के बीच का अंतर समझाएं। साथ ही, प्रदेश सरकार की अधूरी गारंटियों को भी लोगों के सामने रखा जाए और केंद्र की योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story