मुख्यमंत्री सुक्खू का एकमात्र एजेंडा अपनी कुर्सी बचाना : जयराम ठाकुर
मंडी, 05 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का एकमात्र एजेंडा अपनी कुर्सी बचाना है। सुंदरनगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ के संगठनात्मक जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली, कर्मचारियों की अनदेखी, बदहाल बुनियादी ढांचे और हाल ही में सामने आई कैग की रिपोर्ट को लेकर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का ध्यान जनहित के सरोकारों से पूरी तरह भटक चुका है और मुख्यमंत्री का एकमात्र एजेंडा अपनी कुर्सी बचाना रह गया है।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें राज्य के वित्तीय प्रबंधन को लेकर बेहद चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रिपोर्ट वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और उसकी कार्यप्रणाली पर आधारित है। जयराम ठाकुर ने बताया कि वे और उनकी टीम इस रिपोर्ट के हर पहलू और आंकड़े का गहराई से विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं। अध्ययन पूरा होने के बाद तथ्यों और सबूतों के साथ पूरी स्थिति को प्रदेश की जनता के सामने रखा जाएगा, ताकि सरकार की वित्तीय कुप्रबंधन और अनियमितताओं की पोल खुल सके।
प्रदेश में सड़कों की जर्जर स्थिति और मंडी जिला मुख्यालय के समीप हुए जानलेवा हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आज राज्य की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कें हादसों का कारण बन रही हैं। पूरे प्रदेश में सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, तीखे मोड़ों पर पैरापेट गायब हैं और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान सिर्फ इस बात पर केंद्रित है कि उनकी सरकार कैसे बची रहे। सरकार चार साल से गिरते-पड़ते चल रही है और मुख्यमंत्री अनजाने डर के साए में जी रहे हैं। जनहित के कामों पर ध्यान देने के बजाय मुख्यमंत्री रोज़ नया एजेंडा लेकर भाजपा विधायकों को परेशान करने और बदले की भावना से काम करने में व्यस्त हैं। मुख्यमंत्री के पास राज्य को आगे ले जाने की कोई दृष्टि (विज़न) नहीं है और उनके गलत फैसलों के कारण हिमाचल प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ने के बजाय पीछे की ओर जा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की नीतियों से तंग आ चुकी है और उसने सरकार बदलने का मन बना लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

