नगर निगम चुनाव: कांग्रेस में असमंजस्य और भाजपा में बगावती तेवर उभरे
मंडी, 30 अप्रैल (हि.स.)। मंडी नगर निगम के चुनावों में टिकट आवंटन के बाद जोरदार बगावत होने लगी है। भाजपा ने अपने सभी 15 उम्मीदवारों का ऐलान बुधवार को कर दिया था। बुधवार को तो सब शांत रहा मगर गुरूवार को टिकट के चाहवान नेताओं को टिकट न मिलने से बगावत करके अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए। हालांकि, नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बावजूद कांग्रेस पार्टी में अभी भी अस्मजस की स्थिति बनी हुई है। जिसके चलते कांग्रेस की ओर से संभल-संभल कर प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की जा रही है। इसमें भी नगर निगम के बड़े खिलाड़ियों के टिकट होल्ड कर अन्य वार्डों में नए चेहरों पर दांव खेला है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने प्रत्याशियों की लिस्ट जारी करने में भले ही पहल कर दी है। मगर टिकट से वंचित दिग्जों ने बगावत का बिगुल फूंक दिया है।
भाजपा ने वार्ड नंबर 12 भगवाहन से पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष गगन कश्यप को प्रत्याशी बनाया है। लेकिन निवर्तमान डिप्टी मेयर माधुरी कपूर और उनके पति अनिल कपूर का टिकट काट दिया है। नगर निगम में उपमहापौर रही भाजपा की माधुरी कपूर के पति अनिल कपूर ने नामांकन पत्र दाखिल करके ताल ठोक दी। उनका कहना है कि वह 30 साल से भाजपा में हैं। उनकी पत्नी जो उपमहापौर रही है वह 10 साल से भाजपा में ही है। पति टिकट काट दिया गया जो सही नहीं है।
निवर्तमान उपमहापौर का कहना है कि पति अनिल कपूर ने नामांकन कर दिया है मगर वह अभी भाजपा में ही रहेंगी और कोशिश करेंगी कि अनिल कपूर की सेवाओं को देखते हुए नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन शनिवार तक टिकट बदल दिया जाए।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता वीरमंडल के अध्यक्ष चंद्रशेखर वैद्य भी टिकट की दौड़ से बाहर हो गए हैं। दोनों ही अब बगावत पर उतर आए हैं और पार्टी से टिकट कटने को लेकर सार्वजनिक रूप से सवाल कर रहे हैं। दोनों ही अब निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को चुनौती दे रहे हैं। इसके अलावा भाजपा में वार्ड नंबर सात तल्याहड़ से निवर्तमान पार्षद सुदेश सेन भी ओपन वार्ड से फिर टिकट चाह रही थी कि मगर उसका टिकट भी काट दिया। ऐसे में उसके तेवर भी तीखे हैं। खलियार वार्ड नंबर एक से भी टेक चंद सैणी ने कड़े तेवर दिखाए हैं।
बैहना वार्ड से भी भाजपा पे निवर्तमान पार्षद कृष्ण भानु का टिकट काट दिया है। अब कृष्ण भानु ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरने का फैसला कर लिया है। उसी प्रकार वार्ड नंबर आठ पैलेस कालोनी एक से भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष पुष्पा ठाकुर ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दर्ज कर दिया है। हालांकि, पार्टी की ओर से निवर्तमान पार्षद हरदीप सिंह राजा की धर्मपत्नी गुरदीप कौर को टिकट आवंटित किया है। जबकि पुष्पा ठाकुर अपना टिकट पक्का मान कर चल रही थी। भाजपा ने जिस तरह से 15 वार्डों में केवल 4 पुराने पार्षदों को ही फिर से टिकट दिए हैं, 11 के टिकट या तो कट गए हैं या आरक्षण रोस्टर के शिकार हो गए हैं उससे बागियों ने ताल ठोक कर सिर दर्द पैदा कर दिया है।
आरक्षण रोस्टर में सबसे ज्यादा नुकसान निवर्तमान महापौर वीरेंद्र शर्मा भट्ट को हुआ है जिनका पुरानी मंडी वार्ड 2 महिला आरक्षित हो जाने से चुनाव लड़ने का रास्ता ही बंद हो गया। खलियार से पार्टी ने उन्हें टिकट देना शायद सही नहीं समझा। वह नामांकन प्रक्रिया में पूरी तरह से भाजपा उम्मीदवारों का साथ देकर अपनी निष्ठाएं निभा रहे हैं।
इधर, कांग्रेस की ओर से पंद्रह में से आठ वार्डों के टिकट आवंटित किए हैं। जिनमें वार्ड नंबर दो पुरानी मंडी से रेखा, वार्ड नंबर तीन पड्डल से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष नीलम शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। जबकि वार्ड नंबर पांच मंगवाईं से रजनीचंद्रा को चुनाव पर भरोसा किया है। रजनी निवर्तमान पार्षद योगराज की धर्मपत्नी है। वार्ड नंबर 13 थनेहड़ा से कांग्रेस ने एडवोकेट गीतांजली शर्मा,वार्ड नंबर आठ पैलेस कालोनी एक से नीमदासी वार्ड नंबर दस सुहड़ा से सुषमा कुमारी वार्ड नंबर ग्यारह समखेतर से गौरव शर्मा, और वार्ड नंबर चौदह बैहना से धनदेव को प्रत्याशी बनाया है। जबकि वार्ड नंबर एक से निवर्तमान पार्षद वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री अलकनंदा हांडा , वार्ड नंबर चार नेला से निवर्तमान पार्षद राजेंद्र मोहन की धर्मपत्नी नर्वदा मोहन का टिकट होल्ड कर रखा है। इसके अलावा कांग्रेस ने वार्ड नंबर छह सन्याहरड, वार्ड नंबर सात तल्याहड़, वार्ड नंबर नौ पैलेस टू, वार्ड नंबर बारह भगवाहन और वार्ड नंबर पंद्रह दौंहदी से निवर्तमान पार्षद अंजय कुमारी का टिकट भी होल्ड पर है।
शनिवार को नामांकन पत्र भरने का आखिरी दिन है। शुक्रवार को सरकारी छुट्टी है ऐसे में अब तस्वीर शनिवार को 3 बजे के बाद ही साफ हो पाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

