सुक्खू सरकार ने प्रदेश को आर्थिक संकट, वादाखिलाफी और अव्यवस्था की ओर धकेला : दलीप ठाकुर
मंडी, 23 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के सरकाघाट से भाजपा विधायक दलीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ढाई वर्ष के कार्यकाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण के मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान बड़े-बड़े वादे करने वाली सुक्खू सरकार उन वादों से मुकर चुकी है। कर्मचारी, युवा, किसान, महिलाएं, व्यापारी और आम जनता सभी अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
दलीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। विकास कार्य ठप पड़े हैं, नई योजनाएं धरातल पर दिखाई नहीं दे रहीं और सरकार केवल बयानबाजी और राजनीतिक प्रचार में व्यस्त है। जनता को राहत देने के बजाय सरकार ने महंगाई और आर्थिक बोझ बढ़ाने वाले फैसले लिए हैं, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों और पेंशनरों से किए गए अनेक वादे आज भी अधूरे हैं। युवाओं को रोजगार देने के दावे केवल भाषणों तक सीमित रह गए हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार देरी हो रही है, जिससे लाखों युवा निराश हैं। प्रदेश का हर वर्ग सरकार से जवाब मांग रहा है, लेकिन कांग्रेस के पास कोई ठोस उत्तर नहीं है।
दलीप ठाकुर ने कहा कि सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्य कर रही है। दलीप ठाकुर ने कहा कि भाजपा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए जनता की आवाज़ लगातार उठाती रहेगी। विधानसभा से लेकर सड़क तक भाजपा हर जनहित के मुद्दे पर सरकार को घेरती रहेगी और प्रदेश के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की जनता विकास, पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति को ही समर्थन देगी और प्रदेश में पुनः भाजपा की सरकार बनाने का संकल्प लेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

