मिशन रिपीट के सपने देखने वाले मुख्यमंत्री को पंचायतों ने दिखाया आईना : राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
मिशन रिपीट के सपने देखने वाले मुख्यमंत्री को पंचायतों ने दिखाया आईना : राकेश जमवाल


मंडी, 10 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल के शहरी के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों ने भी कांग्रेस को नकार दिया है, भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जमवाल ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के शिमला में आज आए चुनाव परिणामों ने कांग्रेस सरकार के मिशन रिपीट के दावों की हवा निकाल दी है। प्रदेश की 11 जिला परिषदों में से 10 पर भाजपा का कब्जा होना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि ग्रामीण हिमाचल ने कांग्रेस सरकार को नकार दिया है।

राकेश जमवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार 2027 में कांग्रेस सरकार के मिशन रिपीट की बातें कर रहे हैं, लेकिन पंचायतों से लेकर जिला परिषदों तक जनता का जनादेश उनके दावों के बिल्कुल विपरीत है। पहले मुख्यमंत्री के गृह जिले में कांग्रेस को जनता ने आईना दिखाया और अब राजधानी शिमला में भी सत्तापक्ष को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

जमवाल ने कहा कि पंचायत और जिला परिषद चुनावों में जनता सीधे अपने अनुभव के आधार पर फैसला करती है। गांव का मतदाता जानता है कि सड़क की हालत क्या है, अस्पतालों में सुविधाएं कैसी हैं, परिवहन की स्थिति क्या है और सरकारी कार्यालयों में उसकी सुनवाई हो रही है या नहीं। इसीलिए 11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा की जीत कांग्रेस सरकार के खिलाफ ग्रामीण जनता के स्पष्ट असंतोष का प्रमाण है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story