हिमाचल में विधानसभा चुनाव पूरी गंभीरता से लड़ेगी आप : सिसोदिया
मंडी, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के 2027 में होने वाले चुनावों को लेकर गंभीरता दिखाई है और कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह अभी से कमर कस लें। इन चुनावों को आम आदमी पार्टी गंभीरता के साथ लड़ेगी।
रविवार को मंडी के विपाशा सदन में हुए प्रदेश कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के तौर पर आए मनीष सिसोदिया ने कार्यकर्ताओं को 2027 चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया ।
उन्होंने हिमाचल का भला चाहने वाले सभी नेता से आम आदमी पार्टी में शामिल होने का भी आह्वान किया। इस सम्मेलन में प्रदेश भर से हजारों कार्यकर्ता, पदाधिकारी और समर्थक शामिल हुए। मनीष सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि आम आदमी पार्टी अब हिमाचल प्रदेश में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाए, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक भूमिका निभा सके।
उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, सस्ती बिजली, बेहतर सड़कें और रोजगार जैसे जन-मुद्दों पर जन-क्रांति की बात की और कहा कि दिल्ली व पंजाब में लागू केजरीवाल मॉडल को हिमाचल में भी लागू कर प्रदेश को नई दिशा दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगले साल फरवरी में पंजाब के चुनाव हो जाने के बाद वह स्वयं हिमाचल प्रदेश में डेरा डालेंगे, यहां की कमान संभालेंगे और चुनावों के लिए पूरी तरह से जुट जाएंगे।
मनीष सिसोदिया ने स्पष्ट रूप से कहा कि हिमाचल का भला चाहने वाले सभी नेता, चाहे वे किसी भी पार्टी से हों, भाजपा चाहे कांग्रेस या अन्य , अब समय आ गया है कि वे आम आदमी पार्टी में शामिल हो जाएं। हमारी पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि जनता की सेवा और सुशासन की राजनीति करती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के विकास और जन-कल्याण के लिए जो भी ईमानदार और समर्पित हैं, वे आप परिवार का हिस्सा बनें। हम सब मिलकर हिमाचल को नया भविष्य देंगे।” सम्मेलन में 2027 विधानसभा चुनाव का शंखनाद किया गया और कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, जन-संपर्क और मुद्दा-आधारित प्रचार पर जोर देने का निर्देश दिया गया। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश इस सम्मेलन को ऐतिहासिक मानते हुए सभी प्रदेशवासियों से अपील करती है कि वे पार्टी के साथ जुड़ें और हिमाचल में भी केजरीवाल की मुहिम को सफल बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

