भाजपा की महापदयात्रा: पड्डल मैदान से सेरी मंच तक निकलेगी महापदयात्रा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंडी, 03 नवंबर (हि.स.)। भाजपा मंडी जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने कहा कि बुधवार चार नवंबर को मंडी में आयोजित होने वाली भाजपा की महापदयात्रा ऐतिहासिक होगी। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि इस महापदयात्रा में भाजपा के सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा, व्यापारी वर्ग, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और आम जनता बढ़-चढ़कर भाग लेगी।
निहाल चंद शर्मा ने ज पड्डल मैदान पहुंचकर महापदयात्रा की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि महापदयात्रा पड्डल मैदान से शुरू होकर मंडी शहर के बाजार से गुजरते हुए सेरी मंच पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
उन्होंने कहा कि इस महापदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने और लोकतांत्रिक मूल्यों तथा मतदाता सूची की पारदर्शिता के प्रति जनजागरण का अवसर बनेगा। उन्होंने सभी पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, व्यापारियों और सामाजिक संस्थाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

