काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे कुछ लोग : जयराम ठाकुर
मंडी, 12 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी और प्रदेश को कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से मुक्ति दिलाकर विकास की एक नई इबारत लिखेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आई है। आते ही इन्होंने आपके इलाके में आपकी मांग पर खुले संस्थान बंद कर दिए। इन्होंने आपके दस काम बंद कर दिए आप भी अब एक काम करना कि कांग्रेस को वोट देना ही बंद करें ताकि भविष्य में आपके साथ ऐसा न हो।
रविवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज के दुर्गम इलाकों बागी, बांदल, खुनाची, डगैल, पलेउनी धार और थरापड़ गांवों का दौरा कर वहां के निवासियों से मुलाकात कर समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
उन्होंने पंचायत चुनावों पर कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे आपसी तालमेल और विकास के एजेंडे के साथ चुनावी मैदान में उतरें। उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनाव में तो सरकार को झटका लगेगा । उन्होंने कहा कि आज हिमाचल के सबसे दुर्गम क्षेत्रों में जो सड़कों का जाल दिखाई दे रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सौजन्य से ही संभव हो पाया है।
उन्होंने कहा कि आज जिस सड़क से यहां पहुंचा हूं उसका निर्माण भी केंद्र से मिले 14 करोड़ की राशि से हुआ है। आप सभी जानते हैं कि इसका निर्माण कब शुरू हुआ था और आज इसका निर्माण पूरा हुआ है।
विरोधियों द्वारा उनके क्षेत्र में सड़कों के निर्माण पर उठाए गए सवालों का कड़ा जवाब देते हुए ठाकुर ने कहा कि 29 वर्षों से विधायक के रूप में मैंने इन दुर्गम रास्तों को पैदल नापा है और जनता के दुख-दर्द को करीब से महसूस किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री बनने से पूर्व ही उनकी विधानसभा की सभी पंचायतें सड़कों से जुड़ चुकी थीं और उनके कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के पूरे हिमाचल का एक समान विकास सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने कहा कि सत्ता जनता की सेवा और विकास के लिए मिली है, न कि बदले की भावना से काम करने के लिए। कुछ लोग काम करने के बजाए जरूरत से ज्यादा बोल रहे हैं। अब तक छह मुख्यमंत्री काम कर चुके हैं लेकिन वर्तमान मुख्यमंत्री को छोड़कर कोई इतना झूठ नहीं बोलता था। मुख्यमंत्री पद की एक मर्यादा होती है जो पहली बार तार तार होती सबने देखी है। मुख्यमंत्री जनता के बीच भी झूठ बोलते हैं और विधानसभा में भी झूठ बोलकर गुमराह करते हैं।
जयराम ठाकुर ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आपदा के इतने समय बाद भी सड़कों की हालत दयनीय बनी हुई है और आगामी बरसात से पहले यदि मलबा नहीं हटाया गया, तो यह पुन: तबाही का कारण बन सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

