जीत के झूठे आंकड़े पेश कर पंचायत चुनावों को प्रभावित करना चाहते मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
जीत के झूठे आंकड़े पेश कर पंचायत चुनावों को प्रभावित करना चाहते मुख्यमंत्री सुक्खू : जयराम ठाकुर


मंडी, 19 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के झूठे आंकड़ों से जनता को गुमराह कर रहे हैं। ताकि पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी को कोई नुकसान न हो। उन्होंने कहा कि गारंटियों, योजनाओं को लेकर झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री अब चुनाव रिजल्ट पर भी झूठ बोल रहे हैं। स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद इस कांग्रेस सरकार के खिलाफ विदाई की शहनाई बज चुकी है, जिसका शोर सुनने का साहस मुख्यमंत्री में नहीं है।

जयराम ठाकुर ने मंगलवार को अपने सराज प्रवास के दौरान शंकरदेहरा में जिला परिषद ब्रयोगी वार्ड एवं जरोल में जिला परिषद रोड़ वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उन्होंने संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी रणनीति और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत व गंभीर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा क्षेत्र के सभी 4 वार्डों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की शानदार और ऐतिहासिक विजय पूरी तरह से निश्चित है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता और मुख्यमंत्री स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी जीत के आंकड़ों को सोशल मीडिया और मीडिया के सामने अत्यधिक बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं। जिससे आगामी पंचायतीराज चुनावों में जनता द्वारा उनका सूपड़ा साफ होने से पार्टी को बचा सकें। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी ने बाकायदा अधिकृत लिस्ट जारी करके बिना सिंबल के अपने मजबूत प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे थे। जिनमें से 60 प्रतिशत से अधिक प्रत्याशियों ने शानदार जीत दर्ज की है।

उन्होंने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ेगा । इसके साथ ही जिला परिषद, पंचायत तथा पंचायत समिति के चुनावों में भी पूरी तरह से कांग्रेस के खिलाफ ही जनमत आएगा, क्योंकि आज हिमाचल प्रदेश का ऐसा कोई भी वर्ग नहीं बचा है जो इस सरकार की जनविरोधी नीतियों और गलत फैसलों की वजह से बुरी तरह त्रस्त न हो। जबकि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल दिल्ली में बैठे कांग्रेस हाईकमान को खुश करने के लिए मीडिया के सामने झूठे और मनगढ़ंत आंकड़े परोस रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि जनता ने इस निकम्मी सरकार को पूरी तरह से आईना दिखा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story