रक्तदान, सुंदरकांड पाठ और नाटी के साथ भाजपाइयों ने मनाया जयराम ठाकुर का जन्मदिन

WhatsApp Channel Join Now
रक्तदान, सुंदरकांड पाठ और नाटी के साथ भाजपाइयों ने मनाया जयराम ठाकुर का जन्मदिन


मंडी, 05 जनवरी (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जन्मदिन सोमवार को मंडी के सेरी मंच पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर रक्तदान शिविर, सुंदरकांड पाठ, नाटी और गजरेले के प्रसाद के साथ भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह की अगुवाई भाजपा जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने की।

कार्यक्रम में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। नाच-गाकर, नाटी डालकर और एक-दूसरे को बधाइयां देकर कार्यकर्ताओं ने पूरे माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। इस दौरान आयोजित सुंदरकांड पाठ को भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सुना।

हालांकि जयराम ठाकुर स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, बावजूद इसके कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। सभी ने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। होली की तर्ज पर एक दिन पूर्व ही जन्मदिन मनाकर कार्यकर्ताओं ने जयराम ठाकुर के प्रति अपनी निष्ठा और विश्वास का प्रदर्शन किया।

जयराम ठाकुर के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित रक्तदान शिविर में 61 से अधिक युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए इसे समाजसेवा का प्रेरक उदाहरण बताया।

कार्यक्रम में लगभग 11 क्विंटल गजरेले का हलवा कार्यकर्ताओं और आम लोगों को वितरित किया गया, जिसका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इस अवसर पर जयराम ठाकुर से फोन पर बातचीत कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं। जिला अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा ने कहा कि जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री रहते हुए प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी और नेता प्रतिपक्ष के रूप में भी वह मजबूत भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में विधायक इंद्र सिंह गांधी और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राकेश वालिया ने भी जयराम ठाकुर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। सेरी मंच पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का जन्मदिन उत्सव के रूप में मनाया गया। कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि मंडी में आज भी उनकी पकड़ मजबूत है। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री एवं वर्तमान में सदर के विधायक अनिल शर्मा ने किया। उन्होंने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक इंद्र सिंह गांधी, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, प्रदेश सचिव प्रियंका शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा व पंकज जमवाल, जिला परिषद अध्यक्ष पाल वर्मा, नगर निगम मेयर वीरेंद्र भट्ट, जिला महामंत्री मांचली ठाकुर, करणवीर उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story