भाजपा के स्थापना दिवस पर जयराम ठाकुर का ऐलान, हिमाचल से कांग्रेस का बीज ही समाप्त कर देंगे

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा के स्थापना दिवस पर जयराम ठाकुर का ऐलान, हिमाचल से कांग्रेस का बीज ही समाप्त कर देंगे


मंडी, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के ऐतिहासिक अवसर पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के त्रयाम्बली बूथ पर आयोजित भव्य समारोह में शिरकत करते हुए पार्टी का ध्वज फहराने के पश्चात कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि इस बार चुनाव में कांग्रेस पार्टी के 'बीज' को ही जड़ से समाप्त कर दिया जाएगा ताकि भविष्य में हिमाचल की जनता को कभी भी ऐसी जनविरोधी सरकार का शासन न झेलना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मंडी संसदीय क्षेत्र में तो पिछली बार ही कांग्रेस का आधार लगभग खत्म हो गया था, लेकिन जो थोड़ी-बहुत कसर शेष रह गई है, उसे इस बार धरातल पर एकजुटता से काम करके पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।

जयराम ठाकुर ने भाजपा के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और समर्पण को याद करते हुए कहा कि आज भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश प्रथम की भावना के साथ विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरी है, जिसका मूल मंत्र जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और समग्र विकास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि यह स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं है, बल्कि संगठन के सिद्धांतों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प का दिन है।

जयराम ठाकुर ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का विकास अवरुद्ध हुआ है और अब समय आ गया है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान दे। इस कार्यक्रम के दौरान द्रंग के विधायक पूर्ण चंद और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी उपस्थित रहे, जहां कार्यकर्ताओं में संगठन के प्रति अद्भुत उत्साह और ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं का यही समर्पण और ऊर्जा आने वाले समय में भाजपा की निरंतर प्रगति और प्रदेश के सशक्त भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगी, जिससे विकास की धारा को समाज के हर वर्ग तक निर्बाध रूप से पहुंचाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story