नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मिले जयराम, सराज में भाजपा की बंपर जीत का दावा

WhatsApp Channel Join Now
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मिले जयराम, सराज में भाजपा की बंपर जीत का दावा


मंडी, 29 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र की लेहथाच पंचायत के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपने आवास तांदी में मुलाकात की। जीत के बाद जनपितिनिधियों से शिष्टाचार भेंट की और सभी को नवीन दायित्व की हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनसेवा और अपनी ग्राम पंचायत के समग्र एवं समावेशी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी ईमानदारी, निष्ठा तथा समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर प्रतिनिधियों के ये ईमानदार प्रयास ही ग्राम पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे, जिससे विकसित ग्राम पंचायत से विकसित विधानसभा के बड़े संकल्प को धरातल पर साकार करने में अभूतपूर्व योगदान मिलेगा। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित जन प्रतिनिधियों के साथ पारंपरिक नाटी डालकर जीत का शानदार जश्न भी मनाया। इससे पूर्व ये पंचायत प्रतिनिधि ढोल नगाड़ों की थाप पर झूमते हुए पैदल ही तांदी पहुंचे और अपनी जीत का जश्न अपने विधायक के साथ मनाया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में भी कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो चुका है। उनके अनुसार सराज विधानसभा क्षेत्र के दूसरे चरण में 26 में से 24 पंचायतों और प्रथम चरण में 28 में से 25 पंचायतों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत दर्ज की है। ठाकुर ने लेहथाच, केयोली एवं ब्रयोगी के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा को मिल रहा यह अपार जनसमर्थन वर्तमान सुक्खू सरकार की विफलताओं और नाकामियों पर जनता की स्पष्ट मुहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story