300 यूनिट मुफ्त बिजली मात्र छलावा, फ्यूल चार्ज और टैक्सों से जनता पर डाला जा रहा आर्थिक बोझ : राकेश जम्बाल
मंडी, 20 जून (हि.स.)। हिमाचल की बिजली पर कांग्रेस सरकार द्वारा टैक्स आतंक जारी है और जनता से खुली लूट हो रही है। भाजपा मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्बाल ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों के दौरान प्रदेश की जनता से 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का बड़ा वादा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद यह वादा पूरी तरह छलावा साबित हुआ है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार मुफ्त बिजली की बात करती है, वहीं दूसरी ओर फ्यूल चार्ज, विभिन्न टैक्सों और अतिरिक्त शुल्कों के माध्यम से जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। राकेश जम्बाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार स्वयं को टैक्स फ्री बजट पेश करने वाली सरकार बताती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि जनता से विभिन्न माध्यमों से अतिरिक्त वसूली की जा रही है। बिजली बिलों में लगाए गए नए फ्यूल चार्ज ने सरकार के दावों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर स्पष्ट कर दिया है।
राकेश ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पहले बिजली उपभोक्ताओं को मिलने वाली राहतों में कटौती की और अब बिजली बिलों में नए शुल्क जोड़कर आम परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जिन उपभोक्ताओं को मुफ्त या रियायती बिजली का लाभ मिलने की उम्मीद थी, उन्हें अब बढ़े हुए बिलों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक परिवारों के बिजली बिलों में फ्यूल चार्ज, सेस और अन्य शुल्कों के कारण उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे मध्यम वर्ग, किसान, कर्मचारी और छोटे उपभोक्ता सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिजली की वास्तविक खपत से अलग अतिरिक्त शुल्कों का बोझ जनता को परेशान कर रहा है।
राकेश ने कहा कि हाल ही में बिजली उपभोक्ताओं पर 33.8 पैसे प्रति यूनिट का नया फ्यूल चार्ज लगाया गया है। सरकार इसे तकनीकी प्रक्रिया बताकर उचित ठहराने का प्रयास कर रही है, लेकिन इसका सीधा असर उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है। जितनी अधिक बिजली की खपत होगी, उतना ही अधिक अतिरिक्त भुगतान लोगों को करना पड़ेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

