हाईकोर्ट के फैसले से सुक्खू सरकार की तानाशाही व भ्रष्टाचार बेनकाब: जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
हाईकोर्ट के फैसले से सुक्खू सरकार की तानाशाही व भ्रष्टाचार बेनकाब: जयराम ठाकुर


मंडी, 21 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान सुक्खू सरकार की मंशा, कार्यप्रणाली और तानाशाही नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि अपने भ्रष्टाचार व तानाशाही पर पर्दा डालने की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की एक और बड़ी कोशिश पूरी तरह नाकाम हो गई है।

वीरवार को मंडी से जारी प्रेस बयान में जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट द्वारा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के दायरे से बाहर करने की राज्य सरकार की अधिसूचना पर अंतरिम रोक लगाने के फैसले का पुरजोर स्वागत करते हुए कहा कि न्यायालय ने सरकार को कड़ा आईना दिखाया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि जो कांग्रेस पार्टी पूरे देश में घूम-घूमकर संविधान की दुहाई देती है, वही पार्टी आज हिमाचल प्रदेश में सत्ता का खुला दुरुपयोग करके हर दिन असंवैधानिक काम कर रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ वर्ष 2024 में विजिलेंस में दर्ज भ्रष्टाचार और फर्जी दस्तावेजों के मामलों को दबाने तथा जांच की गोपनीयता का बहाना बनाकर आरटीआई कानून का खुला उल्लंघन किया जा रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story