गारंटियों में विफलता और नए शगूफे छोड़ जनता को छलने में जुटी सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
गारंटियों में विफलता और नए शगूफे छोड़ जनता को छलने में जुटी सुक्खू सरकार : जयराम ठाकुर


मंडी, 15 अक्टूबर (हि.स.)।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान जनता से जो गारंटियां और वादे किए थे। वे आज तक धरातल पर पूरे नहीं हो पाए हैं, लेकिन अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए अगले चुनावों से ठीक पहले ही अब नई-नई गारंटियों और घोषणाओं का ढोंग रचा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार को जनहित में वास्तव में नए प्रशासनिक जिलों का गठन करना ही था, तो यह कार्य अपने पांच साल के कार्यकाल की शुरुआत में ही कर देना चाहिए था। अब जबकि चुनावी वर्ष नजदीक आ चुका है, ऐसे में इस तरह के काल्पनिक और अव्यवहारिक निर्णय लेने के पीछे के असली मकसद को प्रदेश की जनता भली-भांति समझती है।

जयराम ठाकुर ने प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि इस समय पूरे देश भर में जनगणना की महत्वपूर्ण प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते सभी प्रकार की प्रशासनिक और राजस्व सीमाओं को पूरी तरह से फ्रीज कर दिया गया है। ऐसी कानूनी स्थिति और संवैधानिक परिस्थितियों के बीच नए जिलों के पुनर्गठन या इसके लिए किसी आयोग के गठन का निर्णय लेना किसी भी दृष्टिकोण से समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक जिम्मेदार मुख्य विपक्षी दल होने के नाते इस पूरे विषय पर पार्टी संगठन के भीतर गहराई से चर्चा करेगी और उसके पश्चात ही आधिकारिक तौर पर अपनी आगामी राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रतिक्रिया जनता के समक्ष रखेगी।

नेता प्रतिपक्ष ने हालिया राजनीतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायत और नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और झूठे दावों की पूरी तरह से पोल खुल चुकी है और वे चुनाव परिणामों में पूरी तरह से धराशायी हो गई हैं। इसी चुनावी हार से घबराकर और अपनी गिरती साख को बचाने के उद्देश्य से अब सुक्खू सरकार जनता के बीच नए-नए शिगूफे छोड़ने की नाकाम कोशिश कर रही है ताकि मूल मुद्दों से आम जनता का ध्यान भटकाया जा सके।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री सुक्खू अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन को संभालने और सरकार को पुनः सत्ता में लाने की व्यर्थ कोशिशें शुरू कर चुके हैं, परंतु राज्य की समझदार जनता अब उनके किसी भी प्रकार के बहकावे, झांसे या नई गारंटियों के जाल में आने वाली नहीं है और उनकी ये तमाम कोशिशें पूरी तरह विफल साबित होंगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तो केवल प्रदेश की जनता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की जाने-माने चेहरे और बॉलीवुड की प्रमुख पार्श्व गायिका सोना महापात्रा जैसी हस्तियां भी कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री के कामकाज का आकलन करने लगी है। उन्हें राज्य के असली विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सीधी नसीहत दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सोना महापात्रा द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हिमाचल की जमीनी स्थिति पर की गई टिप्पणी पूरी तरह से सत्य और जमीनी हकीकत को दर्शाती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस सरकार ने इस खूबसूरत और शांत देवभूमि हिमाचल प्रदेश की जो दुर्दशा की है, वह बेहद दुखद और चिंताजनक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761457 Articles

Share this story