सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रदेश की जनता ने बना लिया है मन : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रदेश की जनता ने बना लिया है मन : जयराम ठाकुर


सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रदेश की जनता ने बना लिया है मन : जयराम ठाकुर


मंडी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार को उखाड़ फेंकने का जनता ने मन बना लिया है। मंडी जिला के करसोग विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से स्थानीय निकाय और पंचायती राज के चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ किया है, उसी तरीके से विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस कहीं नजर नहीं आनी चाहिए। अब लड़ाई जीत की नहीं, जीत के मार्जिन को दोगुना करने की है।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश भर में जा रहा हूं। हर जगह लोगों का उत्साह देखकर आने वाले परिणामों का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश के लोगों ने इस नाकाम सरकार को उखाड़ फेंकने का पूरा मन बना लिया है। इस बार भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत होगी और आने वाली डबल इंजन की सरकार प्रदेश में ठप पड़े विकास के कामों को फिर से नई गति के साथ आगे बढ़ाएगी।

जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता चलाने का दावा करने वाले मुख्यमंत्री कैबिनेट बैठकें भी नहीं कर पा रहे हैं। कई बार अपरिहार्य कार्यों से कैबिनेट बैठक टाली जा चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से चाहती है कि संवैधानिक संस्थाएं उनके इशारे पर चलें और जब भी उन्हें सत्ता मिली, उन्होंने यही काम किया। पहले चुनाव आयुक्तों को पद्म विभूषण और पद्म भूषण तक दिए गए। मुख्य चुनाव आयुक्त को मंत्री से लेकर गवर्नर तक बनाया गया। कांग्रेस के समय में ही मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव आयुक्त रहे नवीन चावला द्वारा कांग्रेस को खबरें लीक करने की शिकायत की। लेकिन उन पर कोई कार्रवाई करने के बजाय उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त बना दिया गया। एक मुख्य चुनाव आयुक्त वी.एस. रमादेवी को कांग्रेस ने हिमाचल का राज्यपाल बनाया और उन्होंने बिना बहुमत के ही कांग्रेस की सरकार बनवा दी।

उन्होंने भाजपा के विधायकों द्वारा सरकार बनाने के दावे की चिट्ठी लेना तो दूर, उनसे मिलना भी जरूरी नहीं समझा। राहुल गांधी को यह स्वीकार करना होगा कि देश के लोगों ने उन्हें नकार दिया है और एक चुने हुए प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी देश की सेवा कर रहे हैं। इसलिए उन्हें अराजकता फैलाने की बजाय जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story