कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का कर रही खुला उल्लंघन : जयराम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का कर रही खुला उल्लंघन : जयराम ठाकुर


मंडी, 29 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बुधवार को सराज के छतरी में देवता श्री नाग चपलांदु , पनाहार के सान्निध्य में आयोजित श्रीमद भागवत पुराण कथा में पहुंचे और कथा श्रवण किया। उन्होंने स्थानीय देवता का आशीर्वाद लेकर लोगों की समस्याएं भी सुनीं और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव को लेकर चर्चा कर उनका मार्गदर्शन किया।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश ने आरोप लगाया है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रही है। वहीं अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने और मित्रों को संरक्षण देने में व्यस्त है। मंडी से जारी बयान में ठाकुर ने कहा कि जब पूरे प्रदेश में चुनावी माहौल है और नियम प्रभावी हैं।

ऐसे में सरकार पर्दे के पीछे से गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम दे रही है। जिसे भारतीय जनता पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

उन्होंने कहा कि सरकार के विभिन्न बोर्डों और निगमों में तैनात पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे का दुरुपयोग कर चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार के प्रलोभन दिए जा रहे हैं । जो चुनाव के दौरान गलत परंपरा है। अधिकांश ऐसी एजेंसियां कांग्रेस के उन नेताओं की हैं जिन्हें मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू का संरक्षण प्राप्त है। चुनाव में ये लोग बहुत सक्रिय हैं और खासकर युवाओं को रोज़गार के नाम पर गुमराह कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज का मतदाता बहुत समझदार है। कांग्रेस के झूठे वायदे और ऐसे पैंतरों से चुनाव में कोई लाभ इन्हें मिलने वाला नहीं है। सराज के छतरी दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस के छुटभैया नेता तक सरकार की धौंस दिखाकर चुनाव में गलत हथकंडे अपना रहे हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि लोकतंत्र में आचार संहिता की गरिमा सर्वोपरि होती है। यदि सरकार इसी तरह 'मित्रों' को उपकृत करने के लिए संस्थानों का दुरुपयोग करती रही, तो भाजपा न केवल इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेगी, बल्कि जनता की अदालत में भी सरकार को बेनकाब किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story