हिमाचल की सड़कों की बदहाली पर पूरी तरह मौन हैं लोनि मंत्री विक्रमादित्य: दलीप ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की सड़कों की बदहाली पर पूरी तरह मौन हैं लोनि मंत्री विक्रमादित्य: दलीप ठाकुर


मंडी, 07 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला सरकाघाट क्षेत्र के विधायक दलीप ठाकुर ने कहा कि आज हिमाचल की सड़कें कांग्रेस सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर क्षेत्र से टूटी, जर्जर और गड्ढों में तब्दील सड़कों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। लेकिन सरकार और लोक निर्माण मंत्री केवल प्रचार और फोटो सेशन तक सीमित होकर रह गए हैं।

दलीप ठाकुर ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह आए दिन केंद्र सरकार की योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास में फोटो खिंचवाकर वाहवाही लूटने का प्रयास करते हैं। जबकि जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश की अधिकांश सड़कें बदहाली की चरम सीमा पर पहुंच चुकी हैं। आज स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों को समझ नहीं आता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। यह स्थिति किसी एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल की पहचान बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कें वर्षों से मरम्मत की बाट जोह रही हैं। लगातार बारिश के बाद उनकी हालत और भयावह हो गई है। स्कूल जाने वाले बच्चे, मरीज, किसान, कर्मचारी और व्यापारी रोज़ अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर एंबुलेंस तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी विडंबना यह है कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, केंद्रीय सड़क अवसंरचना योजनाओं और अन्य माध्यमों से हिमाचल को लगातार सहायता उपलब्ध करा रही है। इन योजनाओं का श्रेय लेने में प्रदेश सरकार और लोक निर्माण मंत्री सबसे आगे दिखाई देते हैं, लेकिन उन्हीं योजनाओं के तहत बनने और सुधरने वाली सड़कों की वास्तविक स्थिति देखकर साफ हो जाता है कि धन का उपयोग किस तरह किया जा रहा है। यदि सरकार सही ढंग से काम कर रही होती तो आज प्रदेश की जनता टूटी सड़कों पर धक्के खाने को मजबूर नहीं होती।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story