हिमाचल में पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों को देखते हुए केंद्र ने बढ़ाए पैट्रालियम के दाम: सुरेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों को देखते हुए केंद्र ने बढ़ाए पैट्रालियम के दाम: सुरेश कुमार


मंडी, 15 मई (हि.स.)। भोरंज के कांग्रेस के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस मजबूती से पंचायतीराज एवं शहरी निकाय चुनावों में उतरी है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल सहित विभिन्न प्रदेशों में हुए चुनावों के संपन्न होने तक केंद्र की मोदी सरकार ने पैट्रोलियम पदार्थों के दाम नहीं बढ़ाए। लेकिन जैसे ही ये चुनाव खत्म हुए और हिमाचल में पंचायतीराज संस्थाओं -शहरी निकायों के चुनावों के चलते दाम बढ़ा दिए।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पैट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाकर जनता पर बोझ डाल दिया। जिसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशवासियों को खर्चे कम करने की बात करते हैं। मगर देश से असल स्थिति छुपाई गई। जिसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी देश-प्रदेश में बड़ा आंदोलन करेगी।

सुरेश कुमार ने कहा कि मंडी जिला की अनदेखी पूर्व की भाजपा सरकार ने की है, जयराम ठाकुर केवल सराज के ही मुख्यमंत्री बनकर रह गए। हालांकि, मंडी का शिवधाम और हवाई अड्डा जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजेक्ट होने के बावजूद इनके लिए बजट का प्रावधान नहीं किया गया। सुरेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता से कार्यकर रही है, जबकि भाजपा पांच गुटों में बंटी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा में एक गुट जयराम ठाकुर का है, दूसरा राजीव बिंदल, तीसरा अनुराग ठाकुर, चौथा कांग्रेस छोड़कर गए विधायकों और पांचवां गुट जगत प्रकाश नड्डा का है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार को आपरेशन लोटस के तहत गिराने का प्रयास किया। वहीं दूसरा प्रयास केंद्र सरकार ने आर्थिक तौर पर कमजोर कर प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश की गई। लेकिन प्रदेश के सीमित साधनों के बावजूद बेहतर कार्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हम भाजपा सरकार की देनदारियों को भी दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि मंडी समेत चारों नगर निगमों के अलावा पंचायतीराज संस्थाओं में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी होंगे। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता, सरकाघाट से पूर्व प्रत्याशी रहे पवन ठाकुर, दीपक शर्मा व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story