पंडित सुखराम मंडी के ही नहीं हिमाचल के बड़े नेता थे :संजीव गुलेरिया

WhatsApp Channel Join Now
पंडित सुखराम मंडी के ही नहीं हिमाचल के बड़े नेता थे :संजीव गुलेरिया


मंडी, 30 सितंबर (हि.स.)।

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजीव गुलेरिया ने बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की कंसा रैली की भीड़ देखकर वे बौखला गए हैं। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए संजीव गुलेरिया ने कहा कि इंद्र सिंह गांधी ने रैली के बाद जिस तरह की भाषा और आच्छी शब्दावली का प्रयोग किया है, उससे लगता है कि वे असफल विधायक हैं। बल्ह की जनता ने उन्हें दो बार विधायक बनाया लेकिन वे असफल साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इंद्र सिंह गांधी कहते हैं कि पंडित सुखराम मंडी के बड़े नेता नहीं थे, जयराम ठाकुर हैं। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम मंडी ही नहीं हिमाचल के बड़े नेता रहे हैं। इसके लिए किसी के प्रमाणपत्र की आवश्यक्ता नहीं है।

संजीव ने कहा कि पंडित सुखराम कांग्रेस के नेता थे और मरते दम तक वे कांग्रेस में ही रहे। उन्होंने कहा कि इंद्र सिंह गांधी अपनी बयानबाजी से बार-बार हंसी का पात्र बनते हैं। यहां तक कि विधानसभा में भी ऐसी बयानबाजी करते हैं। कंसा की रैली सरकारी नहीं कांग्रेस की रैली थी, जिसमें मुख्यमंत्री बतौर मुख्यअतिथि शामिल हुए थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रकाश चौधरी को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का उम्मीदवार घोषित किया, भाजपा का नहीं। इसलिए इंद्र सिंह गांधी को घबराने की जरूरत नहीं है, वे मेहनत करें और चुनाव की तैयारी करें उन्हें किसने रोका है। मगर जिस तरह से वे ऊल-जलूल बयानबाजी कर रहे हैं, भाजपा में भी उनका टिकट नहीं बचेगा।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आपकी सरकार घोषणाओं की सरकार थी। चुनाव के समय बल्ह में आईपीएच और बिजली बोर्ड के मंडल तथा डीएसपी कार्यालय की घोषणा की थी। मगर कांग्रेस सरकार अपनी घोषणाओं को धरातल पर उतारेगी और डेढ साल में कार्यालय शुरू करेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का हैल्थ और एजुकेशन को लेकर अलग ही विजन है। मेडिकल कालेज नेरचौक अस्पताल में रोबोट सर्जरी के बारे में किसी ने सपने में नहीं सोचा था। वहीं पर 23 करोड़ की एमआरआई मशीन मुख्यमंत्री ने नेरचौक में स्थापित की है। इसके बावजूद इंद्र सिंह गांधी बेतुकी बयानबाजी पर उतर आए हैं।

उन्होंने कहा कि विधायक इंद्र सिंह गांधी श्वेतपत्र जारी करें कि उन्होंने बल्ह में कितने कार्यालय खुलवाए हैं। वे केवल मात्र ट्रांसफार्मर के उदघाटन तक ही सीमित हैं। संजीव गुलेरिया ने कहा कि आने वाले समय में इंद्र सिंह गांधी की असफलताओं के पोस्टर बल्ह विधानसभा क्षेत्र में लगाए जाएंगे। वे कहते हैं कि मेरे बत्तीस दांत हैं आपरेशन लोटस होगा, मगर वो कहां हुआ। अब पूर्व मंत्री के खिलाफ गलत बयानबाजी करने में लगे हुए हैं। यह सब कंसा रैली की सफलता की बौखलाहट है जिसे इंद्र सिंह गांधी हजम नहीं कर पा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story