हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई, सरकार विफल : भाजपा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई, सरकार विफल : भाजपा


हिमाचल प्रदेश में कानून-व्यवस्था चरमराई, सरकार विफल : भाजपा


शिमला, 15 मार्च (हि.स.)। विपक्षी दल भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था के बिगड़ने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस सरकार की घेराबंदी की है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने रविवार को एक बयान में कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और अपराधियों के हौसले बढ़ते नजर आ रहे हैं।

शिमला में जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में हाल के दिनों में नशे से जुड़े मामलों, हत्या और गैंगवार जैसी घटनाओं ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके अनुसार इन घटनाओं से यह साफ हो गया है कि सरकार अपराधों को रोकने में प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पा रही है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश के कुछ निजी नशा मुक्ति केंद्रों में रहस्यमयी मौतों की खबरें सामने आई हैं। परमार के मुताबिक नशा निवारण बोर्ड के पास इस संबंध में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से 10 से 12 शिकायतें पहुंच चुकी हैं। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए कहा कि इससे पता चलता है कि नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई केवल बयानों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं।

भाजपा नेता ने बिलासपुर में हुई एक हत्या की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वहां पैसों के लेन-देन के विवाद में एक भेड़पालक की गला रेत कर हत्या कर दी गई, जिसने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उनके अनुसार इस तरह की घटनाएं लोगों में डर का माहौल पैदा करती हैं।

इसके अलावा उन्होंने मखनूमाजरा में हुए गोलीकांड का भी जिक्र किया। परमार ने कहा कि इस मामले में घटना के करीब 15 दिन बाद तक भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है। उनके अनुसार इससे यह संदेश जाता है कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई बरती जा रही है।

परमार ने प्रदेश में नशे के बढ़ते मामलों को भी चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पुलिस द्वारा 130 ग्राम से अधिक हेरोइन और 117 ग्राम चरस बरामद किए जाने के मामले सामने आए हैं। उनके अनुसार यह इस बात का संकेत है कि राज्य में नशे का जाल फैलता जा रहा है और इसे रोकने के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

परमार ने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की सुरक्षा और शांति के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रहेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने में पीछे नहीं हटेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story