प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस की अमर्यादित टिप्पणियां राजनीतिक हताशा का प्रमाण : अजय ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस की अमर्यादित टिप्पणियां राजनीतिक हताशा का प्रमाण : अजय ठाकुर


मंडी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय ठाकुर ने कहा कि दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेताओं में शुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक सेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। इन 25 वर्षों में उन्होंने देश की राजनीति में यह स्थापित किया है कि सत्ता सुख भोगने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज देश के 140 करोड़ लोगों की आकांक्षाओं और विकसित भारत के संकल्प का नेतृत्व कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी उनके विकास कार्यों और नीतियों का वैचारिक मुकाबला करने के बजाय लगातार व्यक्तिगत टिप्पणियों और अमर्यादित भाषा का सहारा ले रही है।

अजय ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही कांग्रेस के बड़े नेताओं ने उनके विरुद्ध व्यक्तिगत टिप्पणियों की एक लंबी श्रृंखला चला रखी है। कभी उनकी माता जी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं तो अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा उनके दिवंगत पिता के संबंध में की गई टिप्पणी ने राजनीतिक मर्यादाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी द्वारा नरेंद्र मोदी को मौत का सौदागर कहना, राहुल गांधी द्वारा चौकीदार चोर है जैसे नारे लगाना और प्रियंका गांधी द्वारा उनकी तुलना दुर्योधन से करना कांग्रेस की राजनीतिक सोच को दर्शाता है। इसी प्रकार कांग्रेस नेताओं द्वारा मोस्ट स्टुपिड पीएम जैसी भाषा का इस्तेमाल राजनीतिक विरोध की सभी मर्यादाओं को पार करता है।

अजय ठाकुर ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कांग्रेस की राजनीतिक डिक्शनरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए जितने भी अपमानजनक शब्द संभव हैं, उनका लगातार प्रयोग किया जा रहा है। लोकतंत्र में नीतियों और निर्णयों का विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन किसी नेता के दिवंगत माता-पिता और परिवार को राजनीतिक निशाना बनाना किसी भी दृष्टि से स्वीकार्य नहीं हो सकता। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस को यह समझ लेना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों के दिलों में बसते हैं। कांग्रेस की गालियों से न प्रधानमंत्री विचलित होने वाले हैं और न ही विकसित भारत के निर्माण की गति रुकने वाली है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितना कीचड़ उछालेगी, देश में उतना ही कमल खिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने कार्यों से देश की जनता का विश्वास अर्जित किया है और कांग्रेस की व्यक्तिगत टिप्पणियां इस विश्वास को कमजोर नहीं कर सकतीं। कांग्रेस के नेताओं को प्रधानमंत्री के परिवार पर टिप्पणी करने के बजाय जनता के सामने अपना राजनीतिक दृष्टिकोण और विकास का एजेंडा रखना चाहिए।

अजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का भ्रम फैलाकर अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपा रही है। कांग्रेस अपनी लगातार राजनीतिक विफलताओं से जनता का ध्यान भटकाने के लिए देश में भ्रम और अराजकता का वातावरण पैदा करने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767860 Articles

Share this story