गरीबों की संजीवनी हिमकेयर पर प्रहार, विफलताओं को छुपाने के लिए सच्चाई से भाग रही सरकार : राकेश जमवाल
मंडी, 26 मार्च (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि जिस योजना ने गरीब को 5 लाख तक का सहारा दिया, उसी हिमकेयर को बंद कर सरकार ने जनता को बीमारी और कर्ज के अंधेरे में धकेलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि प्रदेश के लगभग 8.5 लाख परिवारों के लिए जीवन बचाने वाली संजीवनी थी, जिसके माध्यम से हर परिवार को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा था।
राकेश जमवाल ने कहा कि अगर हिमकेयर योजना में गड़बड़ी थी तो मुख्यमंत्री अब तक कहां सोए थे? क्या सरकार को साढ़े तीन साल तक कुछ दिखाई नहीं दिया? या फिर अब, जब अपनी नाकामियों का जवाब देने का समय आया है, तो जनता को भ्रमित करने के लिए नई-नई कहानियां गढ़ी जा रही हैं? उन्होंने कहा कि बजट सत्र के बीच इस तरह का ऐलान करना दर्शाता है कि सरकार के पास कोई ठोस नीति नहीं, बल्कि केवल राजनीतिक बचाव की रणनीति है।
राकेश जमवाल ने कहा कि अगर योजना में खामियां थीं और उसे बंद करने का विचार पहले से था, तो फिर लाखों लोगों से रजिस्ट्रेशन और रिन्यूअल के नाम पर पैसा क्यों वसूला गया? पहले जहां कार्ड 1 साल के लिए बनता था और अब 3 साल के लिए किया गया, वहां भी शुल्क लिया गया—क्या यह गरीबों से पैसे ऐंठने का एक सुनियोजित तरीका नहीं है? सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जनता से वसूले गए इस पैसे का हिसाब कहां है।
राकेश जमवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने तुरंत हिमकेयर योजना को बहाल नहीं किया और गरीबों को राहत देने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो भाजपा इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगी और सरकार को हर मोर्चे पर घेरने का काम करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

