कांग्रेस के गुट ही मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ हो रहे हैं लामबंद : राकेश जम्वाल

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस के गुट ही मुख्यमंत्री सुक्खू के खिलाफ हो रहे हैं लामबंद : राकेश जम्वाल


मंडी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस में गुटबाजी अब इस स्तर तक पहुंच गई है कि मुख्यमंत्री के अपने ही गुट के नेता उनके खिलाफ लामबंद हो रहे हैं। जिन नेताओं को मुख्यमंत्री ने अपने साथ रखा, जिन पर भरोसा जताया और जिन्हें मंत्री पद तक दिया, आज वही उनकी कार्यप्रणाली से नाराज होकर दूसरे गुटों के साथ मिलकर उनके खिलाफ मोर्चा खोल रहे हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि कांग्रेस के भीतर असंतोष कितना गहरा हो चुका है और मुख्यमंत्री अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़ते नजर आ रहे हैं।

राकेश जम्वाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू लगातार गुटबाजी का राग अलापते रहे, लेकिन उन्हें यह पता ही नहीं चला कि कब उनके अपने गुट के नेता ही उनसे नाराज होकर दूसरे गुटों में चले गए। दूसरों को गुटबाजी का पाठ पढ़ाने वाले मुख्यमंत्री आज अपनी ही पार्टी के गुटों के बीच घिर गए हैं। जिन नेताओं को कभी उनका करीबी और समर्थक माना जाता था, उनका ही विरोध अब मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। जब अपने ही गुट के नेता साथ छोड़कर दूसरे गुटों में जाने लगें, तो मुख्यमंत्री को दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपनी कार्यशैली पर आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रामपुर में मुख्यमंत्री के धुर विरोधियों के साथ हुए शक्ति प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं पूर्व सीपीएस रहे नीरज भारती की मौजूदगी भी पार्टी के भीतर बदलते राजनीतिक समीकरणों पर सवाल खड़े करती है। ये घटनाक्रम संकेत देते हैं कि मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोध केवल दूसरे गुटों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके अपने खेमे के नेताओं में भी असंतोष बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763531 Articles

Share this story