छह महीने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन बंद, विकास ठप और सरकार जनता का ध्यान भटकाने में व्यस्त : राकेश जम्वाल
मंडी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने मंडी जिला के सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जरल, बंदली, बदैहण और वजीहण का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुजुर्गों, विधवाओं ,दिव्यांगों और जरूरतमंद लोगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन पिछले छह महीने से अधिक समय से लंबित होने की शिकायतें सामने आ रही हैं। जिन लोगों के लिए यह पेंशन जीवनयापन का महत्वपूर्ण सहारा है, उन्हें अपनी ही पेंशन के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। यह स्थिति सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाएं किसी सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। बुजुर्गों और दिव्यांगों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि पात्र लाभार्थियों को महीनों तक पेंशन नहीं मिलती, तो उनके रोजमर्रा के खर्च, दवाइयों और अन्य आवश्यकताओं पर सीधा असर पड़ता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबित पेंशन का भुगतान शीघ्र किया जाए और देरी के कारणों को स्पष्ट किया जाए। उन्होंने बंदली पंचायत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को बंद किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए यह स्वास्थ्य केंद्र खोला गया था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इसे डिनोटिफाई कर दिया। निहरी से सुन्नी तक के क्षेत्र के बीच स्वास्थ्य संस्थान की कमी को देखते हुए इस केंद्र की स्थापना की गई थी, ताकि स्थानीय लोगों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।
राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, सड़कें बदहाल हैं। स्वास्थ्य सेवाएं दबाव में हैं और पेंशन जैसी बुनियादी सहायता के लिए भी लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री और सरकार जनसमस्याओं का समाधान करने के बजाय ऐसे मुद्दों में उलझे हैं, जिनसे जनता का ध्यान मूल सवालों से हटाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

