वैश्विक संकट के बीच मोदी सरकार का बड़ा राहत पैकेज, आम जनता को दी बड़ी राहत: राकेश जमवाल

WhatsApp Channel Join Now
वैश्विक संकट के बीच मोदी सरकार का बड़ा राहत पैकेज, आम जनता को दी बड़ी राहत: राकेश जमवाल


मंडी, 27 मार्च (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने कहा कि ऐसे समय में जब पश्चिम एशिया संकट के कारण पूरा विश्व आर्थिक अस्थिरता और महंगाई के दबाव से जूझ रहा है, तब नरेंद्र मोदी के कुशल और दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रूपए प्रति लीटर केंद्रीय उत्पाद शुल्क में कटौती कर देशवासियों को बड़ी राहत देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल आम आदमी की जेब पर पड़ रहे बोझ को कम करेगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी स्थिरता प्रदान करेगा। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने डीजल के निर्यात पर 21.5 रूपए प्रति लीटर और एटीएफ पर 29.5 रूपए प्रति लीटर की ड्यूटी लगाकर यह सुनिश्चित किया है कि देश के भीतर इनकी पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे और आम जनता को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े।

राकेश जमवाल ने कहा कि यह निर्णय स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर परिस्थिति में राष्ट्रहित और जनकल्याण को सर्वोपरि रखती है। वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत सरकार द्वारा उठाए गए ये संतुलित और प्रभावी कदम देश की मजबूत नीतियों और संवेदनशील शासन का प्रमाण हैं।

उन्होंने कहा कि जहां एक ओर कुछ राज्य सरकारें जनता पर टैक्स का बोझ बढ़ाने का काम कर रही हैं, वहीं केंद्र की भाजपा सरकार लगातार राहत देने और जनहित में फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story